

Bihar Police Constable Viral Video: बिहार के बेतिया में एक पुलिस कांस्टेबल की गैर-जिम्मेदाराना हरकत के चलते पुलिस की खाकी शर्मसार हुई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामपुर बैरागी गांव में एक छठियार समारोह के दौरान, कांस्टेबल अमित चौधरी ने डांसर को अपनी सरकारी पिस्टल सौंप दी। घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामपुर बैरागी गांव में हुई, जहां ग्रामीण पवन सहनी के बेटे का छठियार समारोह था। इस समारोह में भोज और डांस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। समारोह में मौजूद कांस्टेबल अमित चौधरी ने अपनी सरकारी पिस्टल डांसर को थमा दी। बताया जा रहा है कि कांस्टेबल अमित चौधरी गोपालगंज के कुचाई कोर्ट थाने में तैनात है।
वायरल हो रहे इस वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि डांसर मंच पर उस हथियार को भीड़ की ओर लहराती दिखी। पिस्टल देने के बाद कांस्टेबल अमित चौधरी ने खुद भी हर्ष फायरिंग की। अचानक हुई इस फायरिंग से ग्रामीणों में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
बताया गया है कि इस घटना के दौरान अमित चौधरी का भाई मिसिर चौधरी और अग्निशमन विभाग में कार्यरत सिपाही अनमोल तिवारी भी मौके पर मौजूद थे। अनमोल तिवारी अपनी मां के मायके आए हुए थे। ग्रामीणों का कहना है कि जब कुछ लोगों ने पुलिस जवानों की इस हरकत का विरोध किया, तो पुलिस जवानों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इस वजह से कार्यक्रम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना का वीडियो वायरल होने और मामला गंभीर रूप से तूल पकड़ने के बाद बेतिया मुफस्सिल थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। कांस्टेबल अमित चौधरी, उसके भाई मिसिर चौधरी और सिपाही अनमोल तिवारी समेत कुछ अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज कर ली गई है। तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
डीएसपी विवेक दीप ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि सरकारी हथियार किसी भी परिस्थिति में व्यक्तिगत मनोरंजन या सार्वजनिक कार्यक्रमों में इस्तेमाल नहीं किए जा सकते हैं। डीएसपी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता बताते हुए कहा कि वीडियो की जांच कराई जा रही है और दोषियों पर आर्म्स एक्ट सहित कड़ी धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।