

नवभारत ऑटोमोबाइल डेस्क: पुणे स्थित स्टार्टअप कंपनी Vayve Mobility जल्द ही अपनी सोलर पावर्ड इलेक्ट्रिक कार EVA के अपग्रेड वर्जन को पेश करने की तैयारी कर रही है। इस कार को अगले महीने नई दिल्ली में आयोजित Bharat Mobility Global Expo 2025 के दौरान प्रदर्शित किया जाएगा। EVA भारत की पहली सोलर इलेक्ट्रिक कार है, जिसे पहली बार ऑटो एक्सपो 2023 में पेश किया गया था।
कंपनी के अनुसार, EVA को खासतौर पर शहरी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। इसका कॉम्पैक्ट आकार इसे तंग जगहों में भी आसानी से पार्क करने की सुविधा देता है।
EVA सिंगल चार्ज पर 250 किलोमीटर तक की दूरी तय करने में सक्षम है। इसमें लगे सोलर पैनल एक साल में 3,000 किलोमीटर तक अतिरिक्त रेंज प्रदान कर सकते हैं। यह कार अल्ट्रा फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है और सिर्फ पांच मिनट की चार्जिंग में 50 किलोमीटर तक चल सकती है।
EVA के अपग्रेडेड वर्जन की कीमत और लॉन्च डेट को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि, उम्मीद की जा रही है कि इसकी कीमत ₹10 लाख (एक्स-शोरूम) के करीब हो सकती है।