

Car Stuck In Water: भारत में बारिश का मौसम गर्मी से तो राहत देता है लेकिन वाहन चालकों के लिए कई नई चुनौतियां भी लेकर आता है। बता दें कि बड़े शहरों में जलभराव की समस्या के कारण सड़कें छोटी नदियों जैसी दिखाई देने लगती हैं। ऐसे में कई लोग जल्दबाजी में पानी भरे रास्तों से कार निकालने की कोशिश करते हैं और बीच रास्ते वाहन बंद हो जाता है। वहीं कार के बंद होते ही ज्यादातर लोग घबरा जाते हैं और उसे बार-बार स्टार्ट करने की कोशिश करने लगते हैं। लेकिन ऑटोमोबाइल एक्सपर्ट्स इस तरीके को गलती बताते है जो आपकी कार के इंजन को भारी नुकसान पहुंचा सकती है और रिपेयर का खर्च भी बढ़ा सकता है।
ऐसे में आपकी कार पानी में चलते-चलते अचानक बंद हो जाए तो सबसे पहले शांत रहें और इंजन को दोबारा स्टार्ट करने की कोशिश न करें। बताया जाता है कि जलभराव के दौरान इंजन में पानी प्रवेश कर सकता है। ऐसे में इंजन स्टार्ट करने पर हाइड्रोलिक लॉक की स्थिति पैदा हो सकती है। इस तरह की स्थिति में इंजन के पिस्टन सही तरीके से काम नहीं कर पाते और इंजन के अंदरूनी हिस्सों को गंभीर नुकसान भी पहुंचता है। कई मामलों में इंजन पूरी तरह जाम हो जाता है या तो इंजन ओवरहाल या रिप्लेसमेंट जैसी महंगी मरम्मत भी आ सकती है।
इस तरह के मामलों के लिए विशेषज्ञ बताते है कि डीजल और टर्बोचार्ज्ड इंजन वाली गाड़ियों में यह समस्या और भी गंभीर हो सकती है। इसके अलावा पानी कार के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम, सेंसर, ECU और वायरिंग को भी नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए कार बंद होते ही उसे बार-बार स्टार्ट करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
आपकी कार पानी में बंद हो जाए तो उसे उसी स्थिति में रहने दें। संभव हो तो वाहन को धक्का लगाकर या टो करके सुरक्षित जगह तक पहुंचाएं। इसके बाद रोडसाइड असिस्टेंस या किसी अनुभवी मैकेनिक से संपर्क करें। समय पर सही कदम उठाने से बड़े नुकसान और भारी खर्च से बचा जा सकता है।
बारिश के मौसम में हमेशा जलभराव वाले रास्तों से बचने की कोशिश करें। यदि पानी भरी सड़क से गुजरना जरूरी हो तो पहले उसकी गहराई का अंदाजा लगा लें। गाड़ी को धीमी और स्थिर गति में चलाएं और अचानक ब्रेक या तेज एक्सीलेरेशन से बचें। इसके साथ ही टायर, ब्रेक, बैटरी, एयर फिल्टर और वाइपर की नियमित जांच कराते रहें। बता दें कि बारिश में अच्छी विजिबिलिटी बनाए रखने के लिए AC और डिफॉगर का सही इस्तेमाल करें। थोड़ी सी सतर्कता आपकी कार को बड़े नुकसान से बचा सकती है।