उत्तराखंड : गौरीकुंड में बाढ़-लैंडस्लाइड के बाद 1 दर्जन लोग लापता, 5 बच्चे भी शामिल, तलाश जारी

GAURIKUND
Pic: Social Media
Published on: 
Updated on: 

रुद्रप्रयाग,  उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गौरीकुंड में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ (Flood) और भूस्खलन (Land Slide) के बाद एक दर्जन लोग लापता हो गए हैं। रुद्रप्रयाग जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार मध्य रात्रि गौरीकुंड से कुछ मीटर दूर डाट पुलिया में तेज बारिश के दौरान एक बरसाती नाले में आई बाढ़ और भूस्खलन के बाद तीन दूकानें बह गईं, जिससे उसमे रह रहे लोग भी लापता हो गए।

जानकारी के मुताबिक, हादसे में दो दुकानें और एक खोखा मलबे के साथ बह गए। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय ने बताया कि हादसे में लापता 12 लोगों की पहचान हो गई है, जिनमें तीन से 14 साल की उम्र के पांच बच्चे भी शामिल हैं। कार्यालय के अनुसार, सूचना मिलने पर रात में ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल रावत ने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया कि भारी बारिश के कारण बचाव एवं राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास पहाड़ से अभी भी रुक-रुककर पत्थर गिर रहे हैं। 

Navbharat Live
navbharatlive.com