राज्यसभा सदस्य के रूप में सुधा मूर्ति ने आज ली शपथ, पति नारायण मूर्ति भी रहे मौजूद, देखें Video

sudha-murthy
Published on: 
Updated on: 

नयी दिल्ली: समाजसेवी सुधा मूर्ति (Sudha Murthy) ने बृहस्पतिवार को अपने पति एन आर नारायण मूर्ति की मौजूदगी में राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने संसद भवन स्थित अपने कक्ष में उन्हें शपथ दिलाई। इस अवसर पर सदन के नेता पीयूष गोयल भी उपस्थित थे।

इन्फोसिस फाउंडेशन की पूर्व अध्यक्ष और बच्चों के लिए कई किताबें लिख चुकीं सुधा मूर्ति (73) को पिछले शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया था। कन्नड़ और अंग्रेजी साहित्य में योगदान के लिए प्रख्यात सुधा मूर्ति को साहित्य अकादमी बाल साहित्य पुरस्कार, पद्म श्री (2006) और पद्म भूषण (2023) जैसे पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

सुधा मूर्ति व्यावसायिक वाहन बनाने वाली कंपनी टाटा इंजिनीयरिंग एंड लोकोमोटिव कंपनी लिमिटेड (टेल्को) के साथ काम करने वाली पहली महिला इंजीनियर थीं। इन्फोसिस शुरू करने के लिए उन्होंने अपने पति को अपनी आपातकालीन निधि से 10,000 रुपये दिए थे, जिसका अब बाजार पूंजीकरण 80 बिलियन अमरीकी डॉलर से अधिक है। उनकी बेटी अक्षता की शादी ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से हुई है।(एजेंसी)