महाराष्ट् पुलिस फिर शर्मसार! सांगली में रेड बचाने का झांसा दे कांस्टेबल ने किया बांग्लादेशी लड़की से रेप, 7 लाख भी वसूले

maharashtra-police
File Pic
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली/सांगली. महाराष्ट्र (Maharashtra) से मिली बड़ी खबर के अनुसार, यहां के सांगली (Sangli) जिले में एक 17 साल की बांग्लादेशी किशोरी के साथ कथित रूप से बलात्कार (Rape) करने के बाद और तमाम बहानों से उससे 7 लाख रुपये एंठने के आरोप में पुलिस के एक कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया है। मामले पर पुलिस ने बीते बुधवार को यह जानकारी दी। 

जानकारी के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी विश्रामबाग थाने में तैनात है। पुलिस ने बताया कि किशोरी बांग्लादेश की रहने वाली है और फिलहाल सांगली की झुग्गी-बस्ती में रहती थी। उक्त घटना बीते जनवरी महीने की है। कांस्टेबल ने उसकी झुग्गी में घुसकर उसके साथ कथित रूप से जोर-जबरदस्ती और बलात्कार किया था।

वहीं इस कांड के बाद उसने देह व्यापार करने देने के एवज में किशोरी से 2 लाख रुपये भी वसूले। इतना ही नहीं ये बेशर्म कांस्टेबल यहीं नहीं रुका और  बार-बार उसका यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर कांस्टेबल को गिरफ्तार कर फिलहाल सस्पेंड कर दिया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

पैसों के लिए पुलिस रेड की धमकी

जानकारी के अनुसार सस्पेंड कांस्टेबल पर बांग्लादेश की 17 वर्षीय पीड़िता का कई बार यौन उत्पीड़न करने का आरोप है, जो सांगली में एक महिला के साथ रह रही थी। वहीं शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी कांस्टेबल ने पीड़िता को पुलिस से बचाने के एवज में 2 लाख रुपये और लड़की को आश्रय देने वाली महिला से 5 लाख रुपये लिए थे। पुलिस के अनुसार उक्त आरोपी कांस्टेबल ने महिला और नाबालिग पीड़िता से यह कहकर पैसे लिए थे कि, वह उन्हें पुलिस की कोई भी छापेमारी की खबर पहले देकर सतर्क करेगा। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की तफ्तीश कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com