

मुंबई: महाराष्ट्र कि राजधानी मुंबई (Mumbai) से मिली बड़ी खबर के अनुसार मुंबई पुलिस ने ड्रग माफिया ललित पाटिल (Lalit Patil) को अरेस्ट कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार मुंबई पुलिस ने उसे चेन्नई से दबोचा है। दरअसल वह पुणे के एक अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर भाग गया था और तबसे ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
गौरतलब है कि मुंबई में बीते 4 अगस्त को 300 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद होने के दौरान फरार हुए नशे के दो बड़े सौदागरों को उत्तरप्रदेश STF और महाराष्ट्र की क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बीते 10 अक्टूबर को बाराबंकी में गिरफ्तार कर लिया था। इनमें एक महाराष्ट्र के सबसे बड़े ड्रग माफिया ललित पाटिल का ही छोटा भाई था, जबकि दूसरा उसके नशे के कारोबार का प्रबंधक था। यह दोनों नेपाल भागने की फिराक में थे। बता दें इन्हीं लोगों ने बीते 2 अगस्त को महाराष्ट्र में ललित पाटिल को पुलिस की हिरासत से फरार करवा दिया था।
जानकारी दें कि साल 2020 में ललित पाटिल के गिरफ्तार होने के बाद ललित के ही इशारे पर उसके भाई भूषण अनिल पाटिल तथा प्रबंधक अभिषेक बिलास बालकवड़े ने पूरे गिरोह की कमान संभाली हुई थी। इस बीच बीते 4 अगस्त को मुम्बई में 150 किलो MD ड्रग की रिकवरी हुई थी।
वहीं ललित पाटिल तथा अन्य गिरोह के सदस्यों का नाम आने के बाद भूषण अनिल पाटिल, अभिषेक बिलास बालकवड़े ने मिलकर षड्यंत्र के तहत मुंबई के ड्रग्स माफिया ललित पाटिल को पुलिस हिरासत से फरार करवा दिया था। यहीं ललित पाटिल अब जाकर पुलिस के पंजों में जकड़ा गया है।