

श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir) के कुलगाम (Kulgaam) जिले में रविवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी (Encounter) मारे गए। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने कुलगाम जिले के हसनपुरा गांव में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था। तलाश अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां चला दीं, जिसके बाद बल ने भी जवाबी गोलीबारी की और मुठभेड़ शुरू हो गई।
इस बाबत पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि दोनों आतंकवादी स्थानीय थे और लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba ) से संबद्ध ‘द रेसिस्टेंस फ्रंट’ से जुड़े थे। इतना ही नहीं, वे कई आतंकी अपराधों में भी शामिल थे। जम्मू कश्मीर पुलिस (Jammu Kashmir Police) ने दोनों आतंकियों की पहचान शोपियां के आलमगंज के आमिर अहमद वानी (Amir Ahmad Wani) और पुलवामा के टिकेन के समीर अहमद खान (Sameer Ahmad Khan) के रूप में की है।
बडगाम मुठभेड़: 3आतंकी ढेर
गौरतलब है कि इससे पहले, बीते गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादी मारे गए थे। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया था कि बडगाम जिले के जोल्वा गांव में गुरुवार देर रात मुठभेड़ शुरू हुई थी, जिसमे तीन आतंकवादी मारे गए थे ।