जम्मू में बोले गृहमंत्री शाह- विपक्ष जितने भी करें 'महाबैठक', 2024 में आएंगे तो 'मोदी' ही

MODI-AMIT-SHAH
File Photo
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली. इस समय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir) के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वह जम्मू और श्रीनगर में कई कार्यक्रमों में शिरकत कर रहे हैं। इसी बाबत आज यानि शुक्रवार सुबह गृहमंत्री शाह ने जम्मू में BJP के विचारक और भारतीय जन संघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्प चक्र अर्पित करने के साथ जम्मू-कश्मीर के दौरे की शुरुआत की। वहीं शाह के दौरे से पहले जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की जा चुकी है।

आज जम्मू में एक जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री शाह ने कहा कि, श्यामा प्रसाद मुखर्जी की वजह से बंगाल देश से जुड़ा। धारा 370 निरस्त हुई है। इसका पूरा श्रेय श्यामा प्रसाद मुखर्जी को जाता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, "मोदी सरकार में आतंकी घटनाएं 70 प्रतिशत कम हुई हैं। मैं पूछना चाहता हूं अब्दुल्ला और मुफ्ती से कि कश्मीर में इतने लोग मारे गए इसका जिम्मेदार कौन है? ये लोग 370 वापस लगाने की बात करते हैं।"

उन्होंने आगे कहा कि, "जब धारा 370 लागू हुई थी तब श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने इसका विरोध किया था और कहा कि इस देश में 2 विधान, 2 निशान और 2 प्रधान नहीं चलेंगे। इसके लिए वे सत्याग्रह करते-करते जम्मू-कश्मीर तक पहुंचे, यहां उन्हें धोखे से गिरफ्तार कर लिया गया। हम सब जानते हैं उनकी हत्या कर दी गई थी। आज उनकी आत्मा बहुत सुकून से होगी क्योंकि 5 अगस्त 2019 को मोदी जी ने धारा 370 निरस्त कर दिया।"

वहीं उन्होंने पटना में हो रही विरोधी पार्टियों की महाबैठक पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, "आज पटना में एक फोटो सेशन चल रहा है। सारे विपक्ष के नेता एक मंच पर आ रहे हैं और संदेश देना चाहते हैं कि हम BJP और मोदी जी को चुनौती देंगे। मैं विपक्ष के नेताओं को कहना चाहता हूं कि कितने भी हाथ मिला लो आप एक साथ नहीं आ सकते हैं और आ भी गए तो 2024 में मोदी जी का 300 से ज्यादा सीटों के साथ आना तय है।"

गौरतलब है कि इस समय शाह के दौरे के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इस दौरे में शाह भगवती नगर इलाके में एक जनरैली को भी संबोधित करेंगे, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करेंगे। गृह मंत्री शाह सांबा में केंद्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की डिजिटल माध्यम से आधारशिला रखेंगे। वह शहर में कई अन्य विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।  

इसके बाद, शाह श्रीनगर रवाना होंगे, जहां वह विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास के लिए राज भवन में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। गृह मंत्री शहर में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘वितस्ता' उत्सव में शिरकत करेंगे। गृहमंत्री शाह आगामी शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी लौटने से पहले श्रीनगर में ‘बलिदान स्तंभ' की आधारशिला रखेंगे। 

Navbharat Live
navbharatlive.com