हल्द्वानी में मदरसा तोड़ने पर हुए बवाल में 4 की मौत, 100 से ज्यादा जख्मी, इलाके में कर्फ्यू, दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश

Order to confiscate property of nine miscreants including mastermind of Haldwani violence, Uttarakhand
हल्द्वानी हिंसा के दौरान की तस्वीर
Published on: 
Updated on: 

नईदिल्ली/मुंबई: उत्तराखंड (Uttrakhand) से मिली एक खबर के अनुसार यहां के हल्द्वानी (Haldwani) शहर में बीते गुरुवार शाम भयंकर हिंसा भड़क गई। दरअसल यहां नगर निगम ने शहर में बने एक मदरसे को बीते गुरुवार को बुलडोजर से गिरा दिया। यहां नमाज पढ़ने के लिए भी एक बिल्डिंग बनाई जा रही थी, उसे भी बुलडोजर से गिरा दिया गया था।

इस घटना से गुस्साए लोगों ने नगर निगम की टीम पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं उपद्रवियों ने बनभूलपुरा थाने को चारों ओर से घेरकर पथराव किया। कई गाड़ियों को जला दिया। ट्रांसफार्मर में भी आग लगा दी, इससे इलाके में बिजली सप्लाई ठप हो गई। मौके की नजाकत को देखते हुए जिला DM ने वनभूलपुरा में कर्फ्यू लगा दिया है और दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश दे दिए हैं।

दरअसल बीते गुरुवार दोपहर 2 बजे 600 से ज्यादा पुलिसकर्मी बनभूलपुरा थाने पर इकट्ठा हुए थे। हल्द्वानी के मलिक का बगीचा में स्थित अवैध मदरसा और नमाज स्थल को तोड़ने के लिए नगर निगम के कर्मचारी और पुलिसकर्मी आगे बढ़े। उसी दौरान शाम 4 बजे इलाके के स्थानीय लोगों ने पुलिस पर तीन तरफ से पत्थरबाजी और हमला कर दिया। पुलिसकर्मी बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाकर वहां से भागे। हर गली और हर छत के ऊपर से पत्थरों की बौछार पुलिस के ऊपर की गई।

इस दौरान जबरदस्त आगजनी हुई। बाद में बनभूलपुरा थाने को भी उपद्रवियों ने आग के हवाले कर दिया। उपद्रवियों ने इलाके में खड़ी पुलिस की और प्राइवेट गाड़ियों में आग लगा दी। नैनीताल की DM वंदना सिंह के अनुसार  इस हिंसा में 4 लोंगों की मौत और 139 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उपद्रवियों द्वारा चारों ओर से पुलिस के ऊपर पत्थरबाजी की गई, जिसमें 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी सहित 139 लोग जख्मी हो गए। हिंसा में पत्रकार और नगर निगम के कर्मचारी भी घायल हुए हैं। हिंसा के बाद इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने जानकारी दी की- मदरसा और नमाज वाली जगह पूरी तरह अवैध है। नगर निगम ने 3 एकड़ जमीन को कब्जा मुक्त कराकर मदरसे और नमाज स्थल को सील किया था। गुरुवार को इसे ध्वस्त किया गया। पथराव करने वाले अराजक तत्वों को पुलिस चिह्नित कर रही है।

वहीं  हल्द्वानी मामले में राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ पुलिस, इंटेलिजेंस के अन्य सीनियर ऑफिसर के साथ हालात की समीक्षा की। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। अराजक तत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश भी दिए। वहीं आसपास के जिलों से फोर्स मंगाई गई है। चार कंपनी पैरामीट्री एक्स्ट्रा फोर्स बुलाई गई है। पूरे इलाके में पुलिसकर्मी और फोर्स की तैनाती कर दी गई है। 

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com