

नई दिल्ली/भोपाल. मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) की राजधानी भोपाल (Bhopal) से आ रही बड़ी खबर के अनुसार, यहां की मदर इंडिया कॉलोनी में बीते बुधवार देर रात क्लोरीन गैस टैंक लीक (Chloriene Gas Leak) हो गया है। इस गैस के फैलने से बस्ती में ही रहने वाले लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ होने लगी है। वहीं इससे लोग घरों से बाहर निकल गए हैं। वहीं एक महिला समेत 11 लोगों को हमीदिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कई लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें अच्छा लगने पर वापस घर भेज दिया गया है।
घटना बाबत भोपाल के कलेक्टर अविनाश लावनिया ने बताया कि, क्लोरीन गैस रिसाव की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची है। एंबुलेंस से 3 मरीजों को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं मामले पर मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने एक ट्वीट में बताया कि, हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराए गए लोगों के स्वास्थ्य में निरंतर सुधार है। चिकित्सक और अस्पताल प्रबंधन समुचित इलाज के लिए तत्परता से जुटे हुए हैं।
Courtsey: Anurag Dwary
मिली जानकारी के अनुसार, एक वाटर प्लांट में क्लोरीन को पानी में मिलाया जा रहा था। लेकिन सिलेंडर में लिकेज होने के चलते गैस का रिसाव होने लगा। इसके बाद सिलेंडर को तुरंत पानी में डाल दिया गया। जहां सिलेंडर को डाला गया था, वहां से पानी नाले में जाता है। जब यह पानी पास की मदर इंडिया कॉलोनी में पहुंचा तो लोगों को उक्त पानी से दिक्कत होने लगी। उनके आंखों में जलन होने लगी, खांसी आने लगी। इससे लोग घबरा गए। लोग घबराकर अपने अपने घरों से बाहर आ गए। इसकी जानकारी मिलने पर प्रशासन ने स्थिति को संभाला। प्रशासन ने रिसाव वाले सिलेंडर को डिफ्यूज करने की भी कोशिश की। लेकिन तबतक 800 लीटर की क्षमता के सिलेंडर की पूरी गैस पानी में घुल चुकी थी।