सिमरन सिंह
Nexon के नए जनरेशन मॉडल से लेकर Safari EV और प्रीमियम Avinya X तक, Tata Motors की SUV रेंज में बड़े बदलाव की तैयारी है। इनमें कुछ पेट्रोल-डीजल और कुछ इलेक्ट्रिक मॉडल होंगे।
Tata Nexon 2017 से बिक्री के लिए उपलब्ध है और अब इसका नया जनरेशन मॉडल टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। इसमें नया डैशबोर्ड, दो स्क्रीन और बदला हुआ रियर डिजाइन मिल सकता है। इसकी एंट्री 2027 में होने की उम्मीद है।
Tata की Kuno EV को Nexon EV और Sierra EV के बीच जगह मिल सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसकी लंबाई करीब 4.3 मीटर हो सकती है। इसका मुकाबला MG Windsor EV से होने की संभावना है। इसे 2027 या 2028 में पेश किया जा सकता है।
Tata की एक और नई कॉम्पैक्ट SUV का इंटरनल कोडनेम Scarlet बताया जा रहा है। इसकी लंबाई 4 मीटर से कम हो सकती है। डिजाइन में Sierra जैसी बॉक्सी स्टाइल देखने को मिल सकती है। इसमें पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है, हालांकि इंजन और इलेक्ट्रिक वर्जन को लेकर अभी जानकारी स्पष्ट नहीं है।
Tata Safari का इलेक्ट्रिक वर्जन कंपनी की पहली तीन-रो वाली इलेक्ट्रिक SUV बन सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें Harrier EV की तरह 65kWh और 75kWh बैटरी के विकल्प मिल सकते हैं। ड्यूल-मोटर AWD सिस्टम मिलने की भी संभावना है। इसका मुकाबला Mahindra XEV 9S से हो सकता है।
Tata की प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV Avinya X भी चर्चा में है। इसका कॉन्सेप्ट 2025 Bharat Mobility Global Expo में दिखाया गया था। कंपनी ने Avinya प्रोजेक्ट के लिए Chery-JLR जॉइंट वेंचर की Freelander आर्किटेक्चर इस्तेमाल करने की योजना की पुष्टि की है। इसका प्रोडक्शन मॉडल 2027 में आ सकता है।
Tata Motors ने जून 2026 के Investor Day में FY2031 तक अपने इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो को 6 से बढ़ाकर 10 मॉडल तक पहुंचाने की योजना बताई थी। यानी आने वाले वर्षों में कंपनी इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाएगी।
Tata की रणनीति सिर्फ इलेक्ट्रिक कारों तक सीमित नहीं है। कंपनी नई जनरेशन Nexon जैसे पेट्रोल-डीजल मॉडल और Kuno EV, Safari EV और Avinya जैसी इलेक्ट्रिक SUVs पर भी काम कर रही है। इससे ग्राहकों को अलग-अलग बजट और जरूरत के विकल्प मिल सकते हैं।
Tata नई जनरेशन Nexon और Avinya X को साल 2027 में पेश किए जाने की उम्मीद है, जबकि Kuno EV साल 2027-28 के बीच दस्तक दे सकती है। वहीं, Scarlet और Safari EV की लॉन्च टाइमलाइन को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
नई Nexon से लेकर प्रीमियम Avinya X तक, Tata Motors की आने वाली SUVs भारतीय बाजार में कई नए विकल्प ला सकती हैं। हालांकि, Kuno और Scarlet जैसे मॉडल के नाम और स्पेसिफिकेशन अभी रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। अब देखना होगा कि कंपनी इनमें से किस SUV को पहले लॉन्च करती है।