रीता राय सागर
कांच के जार को अच्छी तरह साफ करके उस पर जूट की रस्सी लपेटें और अंदर ताजे या सूखे फूल सजाएं। इसे लिविंग रूम या डाइनिंग टेबल पर रखें।
खाली कांच की बोतल पर अपनी पसंद के रंग से पेंट करें। एक ही रंग की कई बोतलों को अलग-अलग लंबाई पर रखकर खूबसूरत फ्लावर अरेंजमेंट करें। डेकोरेटिव पीस तैयार है।
अगर घर में छोटे लकड़ी के टुकड़े बचे हैं तो उनका इस्तेमाल करें। कांच के कंटेनर के बाहर लकड़ी के टुकड़े चिपकाकर उसे देसी और रस्टिक लुक दें। बीच में जूट की रस्सी बांध दें।
खाली फूड कैन या मजबूत डिब्बे को साफ करके उसके किनारों को सुरक्षित कर लें। अब इसे पेंट, कपड़े या खूबसूरत कागज से कवर करें। इसमें छोटे फूल लगाकर बालकनी या खिड़की के पास सजाएं।
साधारण कांच के फूलदान को चारों तरफ लकड़ी के मनकों से सजाएं। इससे फूलदान को नेचुरल और बोहो लुक मिलेगा। हल्के रंग के फूल इसमें अच्छे लगेंगे।
साधारण फूलदान को दो या तीन रंगों से पेंट करके मॉडर्न लुक दें। सीधी पट्टियां या ज्योमेट्रिक डिजाइन बनाकर अलग-अलग रंग भरें। क्रीम-टेराकोटा या सफेद-सरसों जैसे रंगों का कॉम्बिनेशन खूबसूरत लगेगा।
कोई पुरानी हार्डकवर वाली किताब के इस्तेमाल से अनोखा डेकोरेटिव फ्लावर होल्डर बनाएं। किताब के अंदर छोटा वाटरप्रूफ कंटेनर रखें और उसमें फूल सजाएं। इसे बुकशेल्फ या रीडिंग कॉर्नर में रखें।
साधारण कंटेनर को प्लास्टर की मदद से टेक्सचर वाला लुक दें। इसे थोड़ा असमान और हाथ से बना हुआ फिनिश दें। ऑफ-व्हाइट, बेज या क्ले पिंक जैसे शेड इसे खूबसूरत बनाएंगे।
छोटे कद्दू को खोखला करके उसके अंदर कांच या स्टील का छोटा कंटेनर रखें। इसमें गेंदे के फूल, सूखी घास या पत्तियां सजाएं। फेस्टिव सीजन में यह टेबल सेंटरपीस पर अच्छा लगेगा।
रंगीन कागज के छोटे-छोटे टुकड़ों से कांच की बाहरी सतह पर डेकोपेज ग्लू लगाकर पेपर के टुकड़े चिपकाएं। सूखने के बाद इसमें फूल सजाएं।