US Seizes Iranian Ship MV Touska: Strait of Hormuz में जारी नाकाबंदी के बीच समुद्र में तनाव एक नए और खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिकी नौसेना ने एक गुप्त ऑपरेशन के दौरान ईरानी कंटेनर जहाज 'MV Touska' को अपने नियंत्रण में ले लिया है। इस कार्रवाई ने न केवल तेहरान को भड़का दिया है बल्कि इसमें 'चीन कनेक्शन' सामने आने से अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में भी भूचाल आ गया है।
अमेरिकी रिपब्लिकन नेता निक्की हेली ने इस जब्ती को लेकर बेहद सनसनीखेज दावे किए हैं। हेली के अनुसार, यह जहाज चीन से ईरान की ओर जा रहा था और इसमें ऐसे रसायनों की खेप लदी थी, जिनका इस्तेमाल मिसाइल विकास में किया जाता है। हेली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि जहाज ने अमेरिकी सेना द्वारा दिए गए रुकने के बार-बार के आदेशों को अनसुना कर दिया था। उन्होंने चेतावनी दी कि बीजिंग अब खुले तौर पर ईरानी शासन को सैन्य मजबूती प्रदान कर रहा है जिसे दुनिया को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
इस जब्ती के बाद बीजिंग और तेहरान ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने निक्की हेली के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे 'दुर्भावनापूर्ण प्रचार' करार दिया है। चीन का दावा है कि यह एक विदेशी ध्वज वाला कंटेनर जहाज है और इसका किसी अवैध सामग्री से संबंध नहीं है। दूसरी ओर, ईरान ने इस कार्रवाई को 'सशस्त्र समुद्री डकैती' बताया है और अमेरिका को चेतावनी दी है कि वह इस अपमान का बदला जरूर लेगा।
होर्मुज में अमेरिकी नौसेना की इस नाकाबंदी और 'MV Touska' की गिरफ्तारी ने इस्लामाबाद में होने वाली संभावित शांति वार्ता को अधर में लटका दिया है। ईरानी अधिकारियों ने दो-टूक कहा है कि जब तक यह समुद्री नाकाबंदी नहीं हटाई जाती, वे बातचीत की मेज पर नहीं बैठेंगे। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने रुख पर अडिग हैं और उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक कोई ठोस समझौता (Deal) नहीं हो जाता, तब तक ये पाबंदियां जारी रहेंगी।
यह भी पढ़ें:- ईरान के आसमान में 50 दिनों बाद फिर गूंजेगी विमानों की गड़गड़ाहट, तेहरान-मशहद रूट से घरेलू उड़ानों की बहाली
सैन्य विश्लेषकों का मानना है कि इस घटना के बाद स्थिति और बिगड़ सकती है। पूर्व अमेरिकी नौसेना कप्तान कार्ल शुस्टर के अनुसार, जब्त किए गए सामान को युद्ध की लूट के रूप में देखा जा सकता है और जहाज पर मौजूद ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के कर्मियों को युद्धबंदी माना जा सकता है।
'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट भी पुष्टि करती है कि 'MV Touska' का इतिहास संदिग्ध रहा है और यह अक्सर चीन की यात्रा करता है जो ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के लिए सामग्री जुटाने का एक प्रमुख केंद्र है। फिलहाल बुधवार को समाप्त हो रहे संघर्षविराम से पहले पूरी दुनिया की सांसें थमी हुई हैं।