युगांडा के एक स्कूल पर हमले के बाद तैनात पुलिस कर्मी, फोटो (सो. सोशल मीडिया) 
विदेश

युगांडा के नर्सरी स्कूल में कत्लेआम, अभिभावक बनकर घुसे हमलावर ने 4 मासूमों को चाकू से गोदा; मचा हड़कंप

Uganda School Attack: युगांडा की राजधानी कंपाला के एक नर्सरी स्कूल में दिल दहला देने वाली घटना घटी है। एक 34 वर्षीय व्यक्ति ने अभिभावक बनकर स्कूल में प्रवेश किया और 4 बच्चों की चाकू मारकर हत्या कर दी।

अमन उपाध्याय

Uganda Nursery School Attack: युगांडा की राजधानी कंपाला से एक बेहद दुखद और विचलित करने वाली खबर सामने आई है। यहां के एक पॉश इलाके में स्थित नर्सरी स्कूल में गुरुवार (2 अप्रैल, 2026) को एक सिरफिरे व्यक्ति ने चाकू से हमला कर चार मासूम बच्चों की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है लेकिन इस क्रूर हत्याकांड के पीछे की वजह अब भी रहस्य बनी हुई है।

अभिभावक बनकर घुसा था कातिल

स्थानीय मीडिया और चश्मदीदों के अनुसार, 34 वर्षीय हमलावर ने खुद को एक अभिभावक बताया और मकिंडये डिवीजन स्थित 'गगाबा अर्ली चाइल्डहुड डेवलपमेंट प्रोग्राम' स्कूल के कार्यालय में प्रवेश किया। वहां उसने कुछ देर तक स्कूल प्रशासक से बात की। इसके तुरंत बाद, वह कार्यालय से बाहर निकला स्कूल का मुख्य गेट बंद किया और हाथ में लिए हुए एक तेज धारदार हथियार से बच्चों पर हमला करना शुरू कर दिया। जिसके बाद स्कूल में हड़कंप मच गया।

मासूमों की मौत और बचाव

पुलिस प्रवक्ता राचेल कावला के अनुसार, इस हमले में एक लड़की और तीन लड़कों की मौत हो गई है। हमलावर ने कई अन्य बच्चों को भी निशाना बनाया। इस भयानक मंजर के बीच, पड़ोस के एक चर्च के सुरक्षा गार्ड ने साहस दिखाते हुए हमलावर को रोका जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

गुस्साई भीड़ पर पुलिस की फायरिंग

घटना की खबर फैलते ही स्कूल के बाहर अभिभावकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय प्रसारक NTV द्वारा जारी वीडियो फुटेज में माता-पिता को बदहवास होकर रोते हुए देखा गया। उत्तेजित भीड़ ने आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छीनकर उसे जान से मारने (Lynch) की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हवा में गोलियां चलानी पड़ीं।

दुर्लभ है ऐसी घटना

कंपाला जैसे शहर में, जिसकी आबादी लगभग 30 लाख है इस तरह के हमले बहुत कम देखने को मिलते हैं। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पुष्टि की है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने इन मासूम बच्चों को निशाना क्यों बनाया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव बढ़ा हुआ है।

INDIA Alliance Protest Live: गठबंधन के सांसदों का लंच खत्म, आगे जंतर-मंतर पर धरने की तैयारी

दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक चार मंजिला इमारत गिरी, कई लोग मलबे में दबे

प्रदर्शन के दौरान पुलिस पहनेगी बॉडी कैमरा? दिल्ली HC के फैसले का मतलब समझें

PM Modi 25 Years of Seva Live: जनसेवा के 25 साल पूरे, सेवा संकल्प की ली शपथ, अमित शाह ने गिनाई उपलब्धियां

देवभूमि से बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद: PM मोदी के 25 साल के बेमिसाल सफर पर CM धामी ने की दीर्घायु होने की कामना