US Iran Conflict: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर दावा किया है कि ईरान उनसे बातचीत करने को राजी था, लेकिन उन्होंने इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया। ट्रूथ की एक छोटी सी पोस्ट के जरिए ट्रंप ने यह बड़ा बयान दिया। वाशिंगटन पोस्ट के एक लेख को टैग करते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति ने लिखा कि ईरान की सेना और लीडरशिप खत्म हो चुकी है और ईरान से बातचीत करने के लिए बहुत देर हो चुकी है।
दरअसल, वाशिंगटन पोस्ट के संपादकीय में ईरान पर हमला करने के ट्रंप के फैसले की तारीफ की गई थी। जिसके जवाब में ट्रंप ने अपनी प्रशंसा करते हुए लिखा कि ईरान का एयर डिफेंस, एयर फोर्स, नेवी और लीडरशिप खत्म हो चुकी है। वह बात करना चाहते हैं लेकिन मैंने कहा, "बहुत देर हो चुकी है"।
गौरतलब है कि रविवार को डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान के नेताओं के कहने पर उनसे बात करेंगे। इसके अलावा उन्होंने 28 फरवरी से शुरू किए इस हवाई स्ट्राइक को जारी रखा और ईरानियों से सरकार गिराने की अपील भी की लेकिन उनके आज के बयान के जरिए उन्होंने यह बता दिया कि वह बातचीत के लिए राजी नहीं है।
जहां एक तरफ डोनाल्ड ट्रंप यह दावा कर रहे हैं कि ईरान ने उनसे बातचीत की गुहार लगाई तो वहीं दूसरी तरफ ईरान इससे साफतौर पर पल्ला झाड़ चुका है। ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी ने सोमवार को कहा कि शांति स्थापित करने को लेकर उनकी अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हो रही है। इसके अलावा पश्चिमी मीडिया में तेहरान की वॉशिंगटन से बातचीत के अनुरोध का दावा करने वाली रिपोर्ट को भी लारीजानी ने खारिज किया।
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट की जंग से बौखलाया पाकिस्तान, चीन की रिफाइनरी ठप; लेबनान में इजराइली सेना ने कब्जा किया
28 फरवरी से अमेरिका और इजरायल ईरान पर सैन्य कार्रवाई कर रहे हैं। इस संघर्ष में सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें ईरान के कई बड़े राजनीतिक और सैन्य अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। सोमवार को हुई डिपोर्टमेंट ऑफ वॉर की प्रेस ब्रीफिंग में यूएस डिफेंस सेक्रेटरी पीट हेगसेथ यह साफ कर चुके हैं कि अमेरिका का इरादा तेहरान की सुरक्षा बुनियादी ढांचे को नष्ट करना है। साथ ही उन्होंने बताया कि यूएस ईरान पर सटीक, व्यापक और निर्भीक ढंग से हमला कर रहा है।