वियना : देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को ऑस्ट्रिया की यात्रा पर मंगलवार को यहां पहुंच गए हैं। इस यात्रा के दौरान दोनों देश अपने द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने तथा कई भू-राजनीतिक चुनौतियों पर निकट सहयोग के तरीकों पर विचार करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को रूस की अपनी दो-दिवसीय यात्रा के बाद मोदी वियना पहुंचे हैं। वहां पहुंचने के बाद वियना की तस्वीरें साझा करते हुए मोदी ने ‘एक्स' पर कहा, ‘‘वियना पहुंच गये। ऑस्ट्रिया की यह यात्रा विशेष है। हमारे देश साझा मूल्यों से जुड़े हुए हैं। चांसलर कार्ल नेहमर के साथ वार्ता और भारतीय समुदाय के साथ संवाद सहित ऑस्ट्रिया में विभिन्न कार्यक्रमों के लिए उत्सुक हूं।''
ऑस्ट्रिया के विदेश मंत्री अलेक्जेंडर शेलेनबर्ग ने हवाई अड्डे पर मोदी का स्वागत किया। साथ ही दोनों देशों के बेहतर संबंधों की उम्मीद जाहिर की। प्रधानमंत्री ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन और ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर के साथ वार्ता के दौरान इस दिशा में नयी पहल शुरू करेंगे।
वंदे मातरम से स्वागत इसके साथ ही साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत में ऑस्ट्रियाई कलाकारों ने गाया वंदेमातरम गाकर उनका दिल मोह लिया। एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे ही होटल रिट्ज-कार्लटन पहुंचे, तो वहां मौजूद ऑस्ट्रियाई कलाकारों ने उनका स्वागत करते हुए देश का लोकप्रिय गीत 'वंदे मातरम' गाया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय प्रवासियों का अभिनंदन भी किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रिया गणराज्य के संघीय चांसलर कार्ल नेहमर द्वारा आयोजित रात्रिभोज में जा पहुंचे।
आपको बता दें कि यह 40 वर्ष से अधिक समय में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली ऑस्ट्रिया यात्रा है। इससे पहले 1983 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने इस देश की यात्रा की थी। इसके बाद कोई प्रधानमंत्री वहां नहीं जा सका। हालांकि दोनों देशों के बीच व्यापार व संबंधों का रिश्ता पुराना है।
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन से मुलाकात करेंगे और ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर के साथ वार्ता करेंगे। इसके साथ ही साथ मोदी और नेहमर भारत तथा ऑस्ट्रिया के उद्योगपतियों को संबोधित भी करेंगे।
बढ़ेगा द्विपक्षीय व्यापार
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के आयात निर्यात पर फोकस करेंगे, क्योंकि ऑस्ट्रिया, भारत को मशीनरी, ऑटोमोटिव पार्ट्स और रसायन जैसी चीजों का निर्यात करता है। वहीं भारत, ऑस्ट्रिया को कपड़ा, फार्मास्यूटिकल्स के साथ रसायन का निर्यात करता है। इस दौरे में दोनों देशों के बीच टेक्नोलॉजी और नवीनीकरण ऊर्जा क्षेत्रों में सहयोग की संभावना है। इसके अलावा दोनों देशों के अधिकारी जलवायु परिवर्तन और सतत विकास सहित कई वैश्विक मुद्दों पर एक-दूसरे का सहयोग करने के लिए कदम से कदम मिला सकते हैं।
--एजेंसी इनपुट के साथ