पीएम मोदी का मनीला एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत हुआ, लोगों ने 'मोदी-मोदी' के नारे लगाए।
प्रधानमंत्री 23वें आसियान-भारत और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर प्रधानमंत्री के सम्मान में रात्रिभोज आयोजित करेंगे।
PM Modi Grand Welcome in Manila: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर रविवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंच गए। मनीला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया गया। फिलीपींस के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव रॉबर्ट जोसेफ मोंटेस डी क्लारो ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
पीएम मोदी को देखते ही वहां मौजूद लोगों ने 'मोदी-मोदी' के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस दौरान 'भारत माता की जय' के नारे भी गूंजे। बच्चों ने संस्कृत के श्लोक पढ़कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पीएम मोदी ने लोगों से हाथ मिलाया और उनका अभिवादन किया। कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत किया और प्रधानमंत्री के स्वागत में रंगोली भी बनाई गई।
प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस में 23वें आसियान-भारत और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "पीएम नरेंद्र मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेने के लिए मनीला पहुंचे। पीएम का स्वागत फिलीपींस के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव रॉबर्ट जोसेफ मोंटेस डी क्लारो ने किया। यह दौरा भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और इंडो-पैसिफिक विजन के लिए आसियान के साथ पार्टनरशिप को पक्का करता है।"
प्रधानमंत्री की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब भारत और आसियान वर्ष 2026 को 'आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष' के रूप में मना रहे हैं। इसके अलावा, वर्ष 2027 में भारत और आसियान के संवाद संबंधों के 35 साल और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच साल पूरे होंगे।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030 समेत व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही, दोनों पक्षों के बीच भविष्य में सहयोग की दिशा तय की जाएगी।
मनीला में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित रात्रिभोज भी शामिल है। इसके बाद अगले दिन आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री अन्य देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने विशेष मीडिया ब्रीफिंग में बताया था कि आसियान भारत के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में शामिल है। पूरे क्षेत्र के साथ भारत का व्यापार करीब 122 अरब डॉलर है। -एजेंसी इनपुट के साथ