इस्लामाबाद: भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान (Pakistan) से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां के मुल्तान में एक अस्पताल की छत पर शवों का ढेर लगा हुआ है। मुल्तान के पंजाब निश्तार अस्पताल (Punjab Nishtar Hospital) की छत पर करीब 500 लाशें मिली। हैरानी की बात यह है कि, मिले हुई लाशों के कई अंग भी गायब हैं। अधिकतर शवों को चीर-फाड़ किया गया है और कई शवों के चेस्ट खुले हुए हैं। इस खौफनाक नज़ारे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर इस नज़ारे का वीडियो वायरल (Vidoe Viral) होने के बाद हर तरफ तहलका मच गया है। हालांकि, अस्पताल के छत पर इतनी बड़ी संख्या में लाशें कहा से आई। इस बात की जानकारी सामने नहीं आ रही है। ऐसा माना जा रहा है कि इन शवों से अंग निकालकर उसकी तस्करी की जा रही थी। या फिर मेडिकल टेस्ट के लिए इन शवों को चीर-फाड़ किया गया होगा।
ट्विटर पर परवेज़ इक़बाल नाम के एक शख्स ने इस खौफनाक नज़ारे का एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने बताया कि, पंजाब प्रांत के निश्तार अस्पताल की छत से 500 शव बरामद किए गए हैं।
इस वीडियो के सामने आने के बाद पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार चौधरी जमां गुर्जर ने अस्पताल का दौरा किया है। मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार ने सभी शवों का अंतिम संस्कार करने का आदेश दिया है। वहीं, पुलिस अधिकारियों को मामले की जांच करने के आदेश दिए हैं। इतना ही नहीं उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
पंजाब के सीएम चौधरी परवेज ने भी इस मामले में जांच के एक आदेश जारी किए हैं। इस मामले की जांच के लिए छह अधिकारियों की एक टीम गठित की गई है। वहीं, उन्हें तीन दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।