Highlights:
लंदन में एमबीए की पढ़ाई कर रही मुग्धा अगस्त में भारत लौट आई थी।
फूड डिलीवरी ट्रांजैक्शन से परिवार को छत्रपति संभाजीनगर में होने का सुराग मिला।
पुणे के लोढ़ा बेलमोंडो कॉम्प्लेक्स के फ्लैट में मिला शव, मौत की जांच जारी।
Woman Found Dead Pune: महाराष्ट्र के पुणे में 34 वर्षीय महिला की किराए के फ्लैट में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला पिछले साल एमबीए की पढ़ाई करने लंदन गई थी, लेकिन कुछ महीने पहले परिवार को बिना बताए भारत लौट आई थी। परिवार को उसकी भारत में मौजूदगी का पता फूड डिलीवरी के लेनदेन से चला। इसके कुछ दिनों बाद पुलिस को उसका शव पुणे के एक फ्लैट में मिला।
मृतका की पहचान मुग्धा देशमुख के रूप में हुई है। वह छत्रपति संभाजीनगर की रहने वाली थी। पिछले साल जुलाई में वह एमबीए की पढ़ाई के लिए ब्रिटेन गई थी। वहां वह अकेले रहती थी और पार्टटाइम काम भी करती थी।
पुलिस के मुताबिक, मुग्धा अपने परिवार के संपर्क में थी। वह फोन कॉल और मैसेज के जरिए परिजनों से बातचीत करती थी। हालांकि, 24 अक्टूबर को जब परिवार ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। कुछ समय बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया।
परेशान परिजनों ने लंदन में रहने वाली उसकी एक दोस्त से संपर्क किया। दोस्त ने बताया कि उसकी मुग्धा से आखिरी बातचीत 22 अक्टूबर को मैसेज के जरिए हुई थी। इसके बाद दोस्त ने लंदन पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि मुग्धा अगस्त के आखिर में ही ब्रिटेन छोड़ चुकी थी।
मुग्धा के परिवार ने भारतीय अधिकारियों और भारतीय उच्चायोग से भी मदद मांगी। इसी दौरान उसके पिता ने बैंक स्टेटमेंट की जांच की तो 8 से 25 अक्टूबर के बीच कई फूड डिलीवरी ट्रांजैक्शन मिले। इनमें कुछ लेनदेन छत्रपति संभाजीनगर के उस्मानपुरा इलाके से हुए थे। इससे परिवार को अंदेशा हुआ कि मुग्धा भारत में ही है।
इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और उसकी लोकेशन पुणे के गहुंजे स्थित लोढ़ा बेलमोंडो कॉम्प्लेक्स में मिली। पुलिस जब फ्लैट पर पहुंची तो ताला खोलने के लिए चाबी बनाने वाले की मदद ली गई। अंदर मुग्धा का शव मिला।
पिंपरी-चिंचवड़ के शिरगांव पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक देवेंद्र चव्हाण के मुताबिक, महिला के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं।
जांच में पता चला कि मुग्धा ने अप्रैल में यह फ्लैट किराए पर लिया था, लेकिन अगस्त से वहां रहना शुरू किया था। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।