Highlights:
24 अक्टूबर को तड़के सुबह अफगानिस्तान में 4.0 तीव्रता का भूकंप आया।
तिब्बत में दो दिनों में दूसरी बार 4.6 तीव्रता का भूकंप आया।
तिब्बत में लगातार आ रहे भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत का माहौल है।
Afghanistan-Tibet Earthquake Today: 24 अक्टूबर की सुबह तड़के तिब्बत और अफगानिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए। तिब्बत में दो दिनों में दूसरी बार भूकंप के झटकों से लोगों में भय का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, तिब्बत में तड़के सुबह 2:07 बजे (IST) तिब्बत में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक यह भूकंप 10 किमी की गहराई पर आया था और इसका केंद्र अक्षांश 32.322° N तथा देशांतर 93.888° E पर स्थित था। भूकंप के झटकों से लोग तुरंत घरों के बाहर भागे और दहशत फैल गई।
तिब्बत में तीसरी बार सुबह 5:38 बजे फिर एक बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। तिब्बत में 4.5 तीव्रता का भूकंप आया। यह भूकंप 10 किमी की गहराई पर आया, जिसका केंद्र अक्षांश 31.485° N और देशांतर 93.528° E पर स्थित था।
प्रभावित हिस्से में छिंगहाई-तिब्बत रेलवे पर यात्री ट्रेनों का परिचालन शुक्रवार सुबह कम गति से फिर शुरू कर दिया गया। 'स्टेट ग्रिड तिब्बत इलेक्ट्रिक पावर कंपनी लिमिटेड' ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10 बजे तक भूकंप प्रभावित बाकेन काउंटी में 1,937 घरों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।
चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में 7.0 तीव्रता का भूकंप आने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और 65 अन्य लोग घायल हो गए, जिसके बाद 12,000 से अधिक निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
नागकू शहर की बाकेन काउंटी में आए भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर से भी कम गहराई पर था। घायलों में से 11 की हालत गंभीर है, जबकि 54 लोगों को मामूली चोटें आई है। इससे पहले आई खबरों के अनुसार, भूकंप में 330 से अधिक मकान ढह गए या क्षतिग्रस्त हो गए।
तिब्बत में आए भूकंप के कुछ घंटे बाद ही अफगानिस्तान में धरती हिली। 24 अक्टूबर की सुबह 3:39 बजे (IST) अफगानिस्तान में 4.0 तीव्रता का भूकंप आया, जो 210 किमी की गहराई पर था। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी से मिली जानकारी के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र अक्षांश 36.324° N और देशांतर 70.736° E पर स्थित था।