Uttarakhand Police Viral Video : मानसून के मौसम में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग अपनी जान जोखिम में डालने से नहीं चूकते। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे उत्तराखंड पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया है।
वीडियो में कुछ युवक तेज बहाव वाली नदी में खतरनाक स्टंट करते नजर आते हैं। पुलिस ने इस वीडियो के जरिए लोगों से अपील की है कि वे ऐसी लापरवाही से बचें और मानसून के दौरान नदी-नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
वीडियो में देखा जा सकता है कि नदी का पानी तेज रफ्तार से बह रहा है। नदी के बीच एक बड़े पत्थर पर तीन युवक खड़े हैं। तेज बहाव को देखते हुए कोई भी सामान्य व्यक्ति वहां जाने से बचेगा, लेकिन ये युवक अचानक नदी में छलांग लगा देते हैं और तेज धारा में तैरने लगते हैं।
यह नजारा काफी खतरनाक दिखाई देता है। वीडियो शेयर करते हुए उत्तराखंड पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी कि उफनती नदियों के पास जाना या उनमें उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।
पुलिस ने अपने आधिकारिक अकाउंट @uttarakhandcops से पोस्ट करते हुए लिखा, "उफनती नदियों से दूरी ही सुरक्षा है। नदी का तेज बहाव पलभर में जानलेवा हो सकता है। जोखिम न लें, सतर्क रहें। किसी को खतरनाक गतिविधि करते देखें तो तुरंत 112 पर सूचना दें।"
ये खबर भी पढ़ें : घर में AC होते हुए भी पसीने से तर-बतर रही पत्नी! पति की ‘किफायती’ हरकत का वीडियो इंटरनेट पर वायरल
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग भी इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स ने उत्तराखंड पुलिस की जागरूकता पहल की सराहना की है। एक यूजर ने लिखा, "हर दिन इतने हादसे होते हैं, फिर भी लोग सबक नहीं लेते।"
वहीं, कई अन्य लोगों ने भी कहा कि मानसून के दौरान नदी, झरने और जलाशयों के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। पुलिस ने वीडियो का श्रेय सोशल मीडिया को दिया है और लोगों से अपील की है कि किसी भी खतरनाक गतिविधि की जानकारी तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर दें।