नई दिल्ली : अक्सर आपने शादीयों के दौरान घर वालों या रिश्तेदारों को खुशी मनाने के लिए बंदूकों से हवाई फायरिंग करते हुए देखा होगा। ऐसा लोग अपनी खुशी जाहिर करने के लिए शादी समारोह (Wedding Ceremony) में हर्ष हवाई फायरिंग (Firing In The Air) करते है, लेकिन यह कितना घातक हो सकता है। इस बात का सबूत एक शादी समारोह के दौरान देखने को मिला है। जिसमें हर्ष फायरिंग के दौरान दुल्हन को ही गोली लग गई जिससे उसकी जान चली गई।
दरअसल, यह मामला इरान के शिराज शहर के साउथ से सामने आया है। जहां पर हर्ष फायरिंग ने एक दुल्हन की जान ले ली। जानकारी के मुताबिक, 24 साल की महवाश लेघई की शादी संपन्न होने के तुरंत बाद ही शादी में आये हुए एक पुरुष गेस्ट ने इस मौके को सेलिब्रेट करने के लिए फायरिंग शुरू कर दी और गोली चलाने वाला यह शख्स कोई और नहीं, बल्कि दुल्हन का ही कजन था। हर्ष फायरिंग के दौरान राइफल से चलाई गई यह गोली बैक फायर हो गई जिसकी पहली गोली से तो किसी को कोई नुकसान नहीं पंहुचा, लेकिन इसकी दूसरी गोली दुल्हन की खोपड़ी को छेद कर पार हो गई।
गौरतलब है कि हादसे के फौरन बाद दुल्हन को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां वो कोमा में चली गई और फिर उसकी मौत हो गई। ईरान में हर्ष फायरिंग करना गैरकानूनी है, बावजूद इसके शादी समारोह में हर्ष फायरिंग की गई। इतना ही नहीं फायरिंग के दौरान जिस बंदूक का इस्तेमाल किया गया था, वह बिना लाइसेंस की थी। जिसकी कीमत दुल्हन को अपनी जान से अदा करनी पड़ी। बता दें, इस फायरिंग के दौरान महिला के अलावा दो और पुरुष मेहमान घायल हुए है।