College Dream Emotional Story : कहते हैं कि जिंदगी हर किसी की योजना के मुताबिक नहीं चलती। कभी-कभी हालात इंसान को ऐसे मोड़ पर ला खड़ा करते हैं, जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की होती। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसे ही युवक की कहानी लोगों को भावुक कर रही है।
जिस कॉलेज में वह कभी उच्च शिक्षा हासिल करने का सपना लेकर गया था, आज उसी कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहा है। यह वीडियो इंस्टाग्राम पर साहिल नाम के कंटेंट क्रिएटर ने शेयर किया है, जिसे देखने के बाद हजारों लोग युवक के संघर्ष और हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं। वीडियो का लिंक...
वीडियो में युवक बताता है कि वह कॉलेज में बीटेक और बीएससी इन 3डी एनीमेशन एंड गेम डिजाइन की पढ़ाई करना चाहता था। उसे 3D Studio Max, Cinema 4D और ZBrush जैसे प्रोफेशनल सॉफ्टवेयर का अच्छा ज्ञान भी है। लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती गई और उसे अपने सपनों को बीच में ही छोड़ना पड़ा।
आज जब वह उसी कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है, तो कई बार खुद को देखकर भावुक हो जाता है। उसने कहा, "जब मैं खुद को गार्ड की यूनिफॉर्म में उसी कॉलेज के अंदर देखता हूं, तो बहुत बुरा लगता है।
कई बार स्टूडेंट्स मिलते हैं तो अंदर से रोने का मन करता है कि किस्मत मुझे कहां से कहां ले आई।" हालांकि, उसने यह भी बताया कि कॉलेज के कई छात्र उसे पहचानते हैं और हमेशा अपने सपनों को जारी रखने के लिए प्रेरित करते हैं।
ये खबर भी पढ़ें : बैट्री खत्म होने पर सड़क पर फंसी महिला, भारतीय सेना के जवान ने धक्का देकर पहुंचाई चार्जिंग स्टेशन तक कार
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने युवक के जज्बे की जमकर सराहना की। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने लिखा कि मेहनत करके ईमानदारी से कमाना गर्व की बात है और हालात हमेशा एक जैसे नहीं रहते। कुछ लोगों ने उसकी आर्थिक मदद करने की इच्छा भी जताई, जबकि कई ने उसे अपने 3डी डिजाइनिंग के हुनर को फिर से आगे बढ़ाने की सलाह दी।
एक यूजर ने लिखा, "तुम मेहनत से अपनी रोजी-रोटी कमा रहे हो, यही सबसे बड़ी बात है।" वहीं, दूसरे ने लिखा, "कभी हार मत मानो, एक दिन जरूर सफलता मिलेगी।" यह कहानी बताती है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद उम्मीद और मेहनत का साथ नहीं छोड़ना चाहिए।