Hamad International Airport Service Between Conflict : मिडिल ईस्ट में जारी अमेरिका-इस्राइल-ईरान संघर्ष के बीच कई देशों ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बुरी तरह प्रभावित हुईं। इसी वजह से पुणे के टेक क्रिएटर एरशाद कलीबुल्लाह दोहा में फंस गए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर Qatar Airways और हमाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को टैग करते हुए एक “एप्रिसिएशन पोस्ट” साझा की।
उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर सभी यात्रियों को फूड कूपन दिए गए, जिन्हें फूड कोर्ट में सभी मील्स के लिए इस्तेमाल किया जा सकता था। अचानक बनी इस स्थिति के बावजूद व्यवस्था शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रही।
एरशाद ने लिखा कि पहले उन्होंने एयरस्पेस खुलने तक लाउंज में रुकने का फैसला किया था, लेकिन रात 12:30 बजे स्टाफ ने सभी को जगाकर ट्रांसफर डेस्क पर भेजा क्योंकि पूरे एयरपोर्ट को खाली कराया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि हर स्टाफ सदस्य मुस्कुराकर सवालों का जवाब दे रहा था और यात्रियों को भरोसा दिला रहा था। बाद में यात्रियों को दोहा शहर के कई पांच सितारा होटलों में ठहराया गया, जहां नाश्ता, दोपहर और रात के खाने की व्यवस्था की गई।
ये खबर भी पढ़ें : ईरान पर अमेरिका-इस्राइल के हमलों के बीच ‘तीसरे विश्व युद्ध’ की चर्चा, बाबा वेंगा की भविष्यवाणी सुर्खियों में
इस बीच भारत के प्रमुख हवाई अड्डों, जैसे दिल्ली और मुंबई, पर भी कई उड़ानें रद्द हुईं। Ministry of Civil Aviation ने बताया कि पैसेंजर असिस्टेंस कंट्रोल रूम (PACR) यात्रियों की शिकायतों और सवालों का समाधान कर रहा है।
एयरलाइंस ने यात्रियों को नियमित रूप से फ्लाइट अपडेट चेक करने की सलाह दी है, क्योंकि सुरक्षा हालात के अनुसार शेड्यूल में तेजी से बदलाव हो सकता है।