Pune Viral Video: हाल ही में महाराष्ट्र में मराठी बनाम हिंदी को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। मुंबई के बाद अब पुणे के वाघोली इलाके में डी-मार्ट स्टोर में हुई दो लोगों के बीच झड़प ने महाराष्ट्र में भाषा को लेकर एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो के आने के बाद एक नई बहस छिड़ गई है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दो लोगों के बीच मराठी और हिंदी बोलने को लेकर तीखी बहस हुई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों एक दूसरे से उलझ गए। इंटरनेट पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति अपनी पत्नी को लेकर डी मार्ट स्टोर पर खड़ा है। इसी दौरान एक व्यक्ति उनसे मराठी में बात करने को कहता है जिसके जवाब में व्यक्ति ने कहा कि हिंदी ही बोलेंगे। इस घटना के बाद जब कपल से दोबारा मराठी में ही बात करने को कहा जाता है तो वे कहते हैं नहीं बोलेंगे। सामने वाला व्यक्ति इस घटना को अपने कैमरे पर रिकॉर्ड कर रहा होता है। पत्नी के साथ खड़ा व्यक्ति कहता है कि जाओ सोशल मीडिया पर पोस्ट करो, पर तुम्हारा यह तरीका गलत है। इसके बाद व्यक्ति फिर कहता है कि मुझसे पुछे बिना वीडियो नहीं बनना सकते और फिर दोनों के बीच हाथापाई होने लगती है।
इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं। कुछ लोगों का मानना है कि महाराष्ट्र में रहने वाले हर व्यक्ति को स्थानीय भाषा अपनानी चाहिए, जबकि अन्य लोगों का तर्क है कि लोगों को अपनी पसंदीदा भाषा में संवाद करने की स्वतंत्रता होनी चाहिए। इस घटना ने भाषाई पहचान, क्षेत्रीय गौरव और व्यक्तिगत पसंद के बारे में बातचीत को फिर से शुरू कर दिया है, जिसमें बहस के दोनों पक्षों से मजबूत राय सामने आई है।
वायरल वीडियो सोशल मीडिया प्लैटफ़ॉर्म X पर '@Pune_First' नाम के यूज़र ने शेयर किया है। इस पोस्ट ने तुरंत ही लोगों का ध्यान खींचा। सिर्फ़ पाँच दिनों के भीतर, इस क्लिप को काफ़ी संख्या में व्यूज़, लाइक्स और कमेंट्स मिले, जिससे ऑनलाइन व्यापक चर्चा और बहस शुरू हो गई।