Superhero Election Campaign : लोग अब राजनीतिक भाषणों और रैलियों से ज्यादा सोशल मीडिया कंटेंट देखकर अपनी राय बना रहे हैं। खासकर Gen Z के लिए इंस्टाग्राम रील्स, मीम्स और वायरल वीडियो राजनीति को समझने का नया जरिया बन चुके हैं। इसी ट्रेंड के बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सभी को चौंका दिया।
हॉलीवुड के मशहूर सुपरहीरो हल्क, आयरन मैन और थानोस अब फिल्मों की दुनिया छोड़कर राजनीति के मैदान में उतरते नजर आ रहे हैं। इन सुपरहीरो के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वे अलग-अलग राजनीतिक दलों का समर्थन करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि ये सभी वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाए गए हैं।
अब तक दर्शकों ने हल्क और आयरन मैन को फिल्मों में दुनिया बचाते देखा था और थानोस को एक खतरनाक विलेन के रूप में जाना था। लेकिन वायरल वीडियो में इनका बिल्कुल अलग अवतार सामने आया है। इन क्लिप्स में दिखाया गया है कि हल्क और आयरन मैन राजनीति में उतर चुके हैं, जबकि थानोस ने कांग्रेस पार्टी जॉइन कर ली है।
थानोस के एक वीडियो में उसे मराठी भाषा में भाषण देते हुए दिखाया गया है। वह मुंबई नगर निगम में भ्रष्टाचार खत्म करने की बात करता है और कांग्रेस पार्टी से अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करता नजर आता है। वीडियो की क्वालिटी और डायलॉग डिलीवरी इतनी रियल लगती है कि पहली नजर में लोग इसे असली मान बैठते हैं।
ये खबर भी पढ़ें : दुकानदार का फोन चोरी किया, तो मारा थप्पड़ लेकिन बच्चे ने मोबाइल नहीं रोटी चुराई थी; यह देख छलके आंसू
ये सभी वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @indian_armada नाम के अकाउंट से पोस्ट किए गए हैं, जिन्हें लाखों व्यूज और हजारों लाइक्स मिल चुके हैं। यूजर्स इस अनोखे कंटेंट पर जमकर रिएक्शन दे रहे हैं। किसी ने लिखा कि अब चुनाव भी हॉलीवुड स्टाइल में लड़े जाएंगे, तो किसी ने मजाक में कहा कि थानोस अगर नेता बन गया तो आधी आबादी गायब कर देगा।
वहीं कुछ यूजर्स ने चिंता जताई कि AI से बने ऐसे वीडियो भविष्य में लोगों को गुमराह भी कर सकते हैं। कुल मिलाकर सुपरहीरो और राजनीति के इस अनोखे मेल ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा और बहस छेड़ दी है।