Nepal Flash Flood Missing Indian Tourists: नेपाल में आई भीषण त्रासदी में मरने वालों का आंकड़ा 270 पहुंच चुका है, जबकि लगभग डेढ़ हजार लोग अब भी लापता हैं। इस आपदा के बीच 288 भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर से उनके परिवारों में चिंता का माहौल है। लापता भारतीयों में त्रिशूली पावर प्रोजेक्ट के 73 कर्मी, तमिलनाडु से कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए दो ग्रुप के 86 लोग (37 और 49), पश्चिम बंगाल के 32, केरल के 33 और अलग-अलग राज्यों के 61 पर्यटक शामिल हैं।
भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, इनमें से 21 नागरिकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। संकट की इस घड़ी में भारत पूरी मजबूती से अपने पड़ोसी देश के साथ खड़ा है। भारत की ओर से C17 विमान के जरिए 35 टन और C130जे विमान से करीब 10 टन राहत व चिकित्सा सामग्री नेपाल भेजी जा चुकी है। लापता लोगों की तलाश के लिए युद्ध स्तर पर खोज अभियान जारी है।