Farooq Abdullah Pakistan Statement: जम्मू और कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (JKNC) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बीते दिन बारामूला में एक कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान विवादित बयान देते हुए कश्मीर मुद्दा उठाने के लिए पाकिस्तान की तारीफ की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि कश्मीर को लेकर केंद्र सरकार की नीयत सही नहीं है। अब्दुल्ला के बयान पर अब बवाल मच गई है। भाजपा और कांग्रेस के कई नेताओं ने इसे लेकर आपत्ति जताते हुए उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) नेता विनोद बंसल ने कहा, कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा। वे भारत में रहते हैं और पाकिस्तान की तारीफ करते हैं। क्या कश्मीर पाकिस्तान की वजह से सुरक्षित है, या पाकिस्तान को भारत की ताकत दिखाने से कश्मीर सुरक्षित है? अगर यह उनका बयान है, तो इससे बड़ा देशद्रोह कोई नहीं है। .
वहीं, कांग्रेस नेता चौधरी लाल सिंह ने कहा, फारूक अब्दुल्ला को राजनीति का बहुत अनुभव है। वह कई बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं और कई बार सांसद भी रहे हैं। उन्होंने राज्यसभा और लोकसभा दोनों में अपनी भूमिका निभाई है। इसके अलावा, वह कई बार अपनी क्षेत्रीय पार्टी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसलिए, उनकी बातें उनके अपने निजी अनुभव पर आधारित हो सकती हैं। हालांकि, मैं उनकी बातों से सहमत नहीं हूं। जम्मू और कश्मीर को 'बचाने' के लिए पाकिस्तान की क्या हैसियत है? अगर आज जम्मू और कश्मीर सुरक्षित है, तो यह भारत की वजह से है।