Lawrence Bishnoi Viral Video: दिल्ली पुलिस के ईस्ट ज़िले के डीसीपी अभिषेक धनिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम के साथ 'साहब' शब्द का इस्तेमाल करते नज़र आ रहे हैं। 25 लाख रुपये की रंगदारी से जुड़े एक मामले की जानकारी देते वक्त उनके मुंह से निकले इस सम्मानजनक संबोधन पर अब तीखी बहस छिड़ गई है।
सोशल मीडिया पर लोग पुलिस के इस रवैये पर सवाल उठा रहे हैं। सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए तंज कसा कि काश पुलिस यही शिष्टाचार शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों और कार्यकर्ताओं के प्रति भी दिखा पाती। इस विवाद के सामने आने के बाद 2012 बैच के एजीएमयूटी कैडर के आईपीएस अधिकारी अभिषेक धनिया और उनके इस बयान की चर्चा हर तरफ हो रही है, जिस पर पब्लिक और सोशल मीडिया यूजर्स अपनी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।