Prayagraj STF Arrested Ravi Pasi: एसटीएफ उत्तर प्रदेश की प्रयागराज फील्ड इकाई ने नवाबगंज थाने में दर्ज हत्या के मामले में वांछित 50 हजार रुपए के इनामी आरोपी रवि पासी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी मंगलवार 22 सितंबर को सिविल लाइंस क्षेत्र में एजी ऑफिस चौराहे के पास चाय की दुकान के सामने से की गई।
एसटीएफ के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि पासी उर्फ हरिओम पासी, निवासी ग्राम मीठी, थाना धूमनगंज, प्रयागराज के रूप में हुई है। उसके खिलाफ नवाबगंज थाने में मुकदमा संख्या 404/2025, धारा 103, 140(1), 61(2), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।
पूछताछ में आरोपी रवि पासी ने बताया कि 22 अगस्त 2025 को उसने अपने साथियों के साथ राम सिंह, उदय सिंह और अन्य लोगों को पकड़कर धूमनगंज थाना क्षेत्र के महेन्द्रमपुर गांव के पास ले जाकर कथित रूप से हत्या की थी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के प्रयास की बात भी सामने आई।
घटना के बाद पुलिस ने उसके कई साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया थे। जबकि रवि पासी फरार चल रहा था। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
जानकारी के मुताबिक आरोपी के खिलाफ प्रयागराज, रायबरेली और प्रतापगढ़ के विभिन्न थानों में 19 मुकदमें दर्ज है। आरोपी रवि पासी को यूपी एसटीएफ ने नवाबगंज पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह, निरीक्षक जय प्रकाश राय, उपनिरीक्षक विनय तिवारी, मुख्य आरक्षी किशन चन्द्र, प्रवीण जायसवाल, आरक्षी अजीत राय व चालक अखण्ड प्रताप पाण्डेय शामिल रहे।