Education Department Share School Sports Calendar 2026: बेसिक शिक्षा विभाग ने सत्र 2026-27 के लिए विद्यालय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत अब विद्यार्थियों के व्यक्तिगत खेल रिकॉर्ड, प्रदर्शन से जुड़ी जानकारी, फोटो और वीडियो विद्यालय स्तर पर सुरक्षित रखे जाएंगे। विभाग का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार करना और चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना है।
जारी निर्देशों के अनुसार 24 जुलाई से नवंबर तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें तैराकी, तीरंदाजी, शूटिंग, कराटे, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, फुटबॉल, कुश्ती, जूडो, बास्केटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट, एथलेटिक्स और अन्य खेल शामिल हैं। प्रतियोगिताएं पहले विद्यालय स्तर पर, फिर मंडल, राज्य और अंत में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाएंगी।
बेसिक शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राएं अंडर-14 वर्ग में प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। इन खिलाड़ियों को माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए इकाई के रूप में मान्यता दी गई है। इससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और उच्च स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़ें- TGT-2022: आउट ऑफ सिलेबस प्रश्नों और उत्तरकुंजी को लेकर HC पहुंचा मामला, कोर्ट ने UPESSC से मांगा जवाब
नई व्यवस्था के तहत प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी का पूरा विवरण डिजिटल और दस्तावेजी रूप में सुरक्षित रखा जाएगा। खिलाड़ियों की फोटो और वीडियो भी संरक्षित किए जाएंगे, ताकि भविष्य में उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जा सके। शिक्षा विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि प्रतियोगिताओं के निर्णय में किसी प्रकार की ओवरराइटिंग या कटिंग नहीं की जाएगी, जिससे चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनी रहे।
बीएसए अनिल कुमार के अनुसार प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पात्रता प्रमाणपत्र के साथ आधार कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र और परमानेंट एजुकेशन नंबर (PEN) उपलब्ध कराना होगा। जिन विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा अनुदेशक नहीं हैं, वहां खेलों में रुचि रखने वाले शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
इसके अलावा 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाएगा। इस दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा। विभाग को उम्मीद है कि नई व्यवस्था से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और विद्यालय स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी।