Om Prakash Rajbhar Statement: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। रसड़ा स्थित केंद्रीय कार्यालय पहुंचे राजभर ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और कृष्ण कॉरिडोर के मुद्दे पर अखिलेश यादव को घेरते हुए कई सवाल उठाए।
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि बीते दिन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी थी, लेकिन अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए नहीं गए। उन्होंने कहा कि जब पत्रकारों ने इस संबंध में सवाल पूछा तो अखिलेश यादव ने “जय समाजवाद, जय भीम और जय भारत” कहा, लेकिन यह स्पष्ट नहीं कर पाए कि वह स्वयं को भगवान श्रीकृष्ण का वंशज मानते हैं या नहीं और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करते हैं या नहीं।
राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को इस विषय पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर वह कृष्ण की बात कर रहे हैं या कंस की। राजभर ने कहा कि यदि अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण के वंशज होने का दावा करते हैं तो उन्हें मथुरा जाकर श्रीकृष्ण के दर्शन करने चाहिए थे।
वहीं कृष्ण कॉरिडोर और वाराणसी के विकास को लेकर भी राजभर ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपनी राजनीतिक दृष्टि बदलकर वाराणसी के विकास को देखना चाहिए। राजभर ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और एनडीए के दौर के वाराणसी की तुलना करने पर जमीन-आसमान का अंतर साफ दिखाई देगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वाराणसी में विकास के अनेक कार्य हुए हैं और विपक्ष को विकास की वास्तविक तस्वीर देखने की जरूरत है।