CM Yogi Mirzapur Accident News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में देर रात एक बेकाबू ट्रक घर में जा घुसा, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। यह घटना मिर्पुजार के अहरोरा पुलिस स्टेशन इलाके में कुदरन क्रॉसिंग के पास तड़के करीब 3 बजे हुई। यहां वाराणसी से सोनभद्र जा रहे एक ट्रक का टायर फटने से वह बेकाबू हो गया और एक घर से जा टकराया।
घर की दीवार भरभराकर वहां मौजूद सो रहे लोगों पर गिर गई और इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। भोर में हुई इस घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को बचाने का काम किया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने भी बचाव अभियान चलाते हुए सभी को मलबे से बाहर निकाला।
हादसे में मारे गए मृतकों की पहचान राजाराम राजभर (47), सुखिया (70) और चांदतारा (45) के रूप में हुई। इस हादसे में 12 वर्षीय सुहानी निवासी मुजेहरा देहात कोतवाली तथा 45 वर्षीय सुनील शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया। लेकिन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर्स ने उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
ट्रक हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने हिंसक विरोध-प्रदर्शन किया। आरोप है कि उन्होंने पुलिस की गाड़ी को नुकसान पहुंचाया। गुस्साई भीड़ ने अहरोरा के कुदरन गांव के पास वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे को जाम कर दिया। पुलिस मौके पर मौजूद है और हालात को सामान्य करने की कोशिश कर रही है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिर्जापुर जिले में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की, अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज का निर्देश दिया और प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद मुहैया कराने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।
यह भी पढ़ें - राम मंदिर दान मामले में अयोध्या पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रिमांड के दौरान कई अहम सबूत जुटाने का दावा
मामले की सूचना मिलने पर थाना अहरौरा पुलिस की ओर से तत्काल मौके पर पहुंच कर त्वरित राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। मौके से रेस्क्यू कर दो घायलों को इलाज के लिए सीएचसी चचेरी मोड़ चुनार भिजवाया गया, जहां से उन्हें चिकित्सकों की ओर से बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। साथ ही, पुलिस ने तीनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही करके पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया।