Meena Thakur BKU Protest Water Tank: मथुरा में थाना हाईवे क्षेत्र के नरहोली गांव में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब जलभराव और गंदगी की समस्या से नाराज भारतीय किसान यूनियन (सुनील) की पदाधिकारी मीना ठाकुर पानी की टंकी पर चढ़ गईं। महिला के टंकी पर चढ़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह घटना बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। मीना ठाकुर का आरोप है कि मोहन नगर, नरौली और भरतपुर रोड क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या बनी हुई है। बारिश के बाद स्थिति और भी खराब हो जाती है। लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ ही गंदे पानी के कारण विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
नवभारत लाइव से बातचीत में किसान यूनियन की पदाधिकारी मीना ठाकुर ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए नगर निगम अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। अधिकारियों की ओर से सुनवाई न होने से नाराज होकर उन्होंने पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध जताया।
महिला के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
भारतीय किसान यूनियन (सुनील) की पदाधिकारी मीना ठाकुर ने पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों के सामने मांग रखी कि जब तक जलभराव और गंदगी की समस्या के स्थायी समाधान का लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक वह टंकी से नीचे नहीं उतरेंगी।
महिला को नीचे उतारने के लिए पुलिस लगातार समझाने का प्रयास करती रही। काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के चलते गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।