Mathura Crime News: मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक दुकानदार पर कथित रूप से दुकान में घुसकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना राधाकुण्ड पुलिस चौकी के समीप की बताई जा रही है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया, जिससे स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित दुकानदार अमन अपनी दुकान पर मौजूद था। तभी पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोग दुकान में घुस आए और उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से दुकान पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित अमन ने गोवर्धन थाने में दी गई तहरीर में शिवा, आबिद, राहुल, आरिफ सहित करीब 15 अज्ञात लोगों को नामजद एवं आरोपी बताया है। उसने आरोप लगाया है कि सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।
यह भी पढ़ें- एनकाउंटर का नहीं खौफ! कोचिंग जा रही छात्रा से लूट का प्रयास, भीड़ ने दोनों आरोपियों को पकड़ जमकर की पिटाई
घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बताया जा रहा है कि मारपीट का वीडियो पुलिस को भी उपलब्ध कराया गया है। इसके बावजूद पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
घटना के बाद गोवर्धन थाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब घटना के स्पष्ट सीसीटीवी फुटेज मौजूद हैं और पीड़ित ने नामजद तहरीर भी दे दी है, तब भी कार्रवाई में देरी समझ से परे है।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ शीघ्र मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।