PNG गैस लाइन में आग (सोर्स- फोटो नवभारत)
मथुरा

मथुरा में PNG गैस लाइन में तेज धमाके के बाद लगी आग; 10-12 फीट ऊंची उठीं लपटें, एक ही परिवार के 3 लोग झुलसे

PNG Gas Leak Mathura: कोसीकलां की राधा बिहार कॉलोनी में PNG गैस लाइन में आग लगने से अफरातफरी मच गई। हादसे में एक परिवार के तीन लोग झुलस गए। स्थानीय लोगों ने पाइपलाइन सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया

मोहन श्याम शर्मा, स्निग्धा श्रीवास्तव

PNG Gas Pipeline Fire: कोसीकलां क्षेत्र की राधा बिहार कॉलोनी में रविवार देर शाम पीएनजी गैस लाइन में अचानक आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। गैस चैंबर में आग लगने से पहले तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद करीब 10 से 12 फीट ऊंची आग की लपटें उठने लगीं। आग और गैस रिसाव की सूचना से आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। लोग आनन-फानन में अपने घरों से बाहर निकल आए और एहतियात के तौर पर रास्ते को बंद कर दिया गया।

बताया गया कि घटना के दौरान गैस का रिसाव करीब आधे घंटे तक जारी रहा। गैस चैंबर से लगातार आग की ऊंची लपटें उठती देख स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया। आसपास के लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। इस दौरान एक ही परिवार के तीन लोग झुलसकर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की जानकारी सामने आई है।

स्थानीय लोगों ने पीएनजी लाइन के काम में लापरवाही का लगाया आरोप

स्थानीय निवासी मुकुट ने पीएनजी लाइन के काम में कथित लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पीएनजी लाइन बिछाने का काम करने वाले ठेकेदार द्वारा गैस चैंबर पर ढक्कन नहीं लगाया गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चैंबर खुला होने और कथित सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण गैस का रिसाव हुआ और आग लग गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गैस आपूर्ति करने वाली कंपनी ग्रीन गैस लिमिटेड के कार्यालय में फोन कर सूचना देने का प्रयास किया। आरोप है कि कार्यालय में फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। करीब आधे घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इसके बाद गैस की आपूर्ति बंद कराई गई, जिससे आग पर नियंत्रण पाया जा सका और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।

गैस पाइपलाइन कंपनी के खिलाफ की नारेबाजी

आग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में गैस पाइपलाइन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी दिखाई दी। लोगों ने मौके पर विरोध प्रदर्शन करते हुए गैस पाइपलाइन कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते गैस रिसाव की सूचना पर कार्रवाई होती और चैंबर की उचित सुरक्षा व्यवस्था होती तो हादसे को टाला जा सकता था।

स्थानीय नागरिकों ने पूरे मामले की जांच कराने, गैस पाइपलाइन और चैंबर की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने तथा लापरवाही सामने आने पर संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में गैस पाइपलाइन से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता बरती जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

फिलहाल गैस की आपूर्ति बंद कर दी गई है। घटना के बाद इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। आग लगने के कारणों और पीएनजी लाइन के काम में कथित लापरवाही की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में क्यों हो रहा है प्रदर्शन? समर्थन में पहुंचे इमरान मसूद को पुलिस ने किया डिटेन

MLC Election 2026: चार राज्यों की 28 सीटों पर मतदान खत्म, कब आएंगे नतीजे?

नेहा बोरा की याचिका दिल्ली हाई कोर्ट ने की खारिज, भरना पड़ेगा पीस बॉन्ड

बिहार के सीवान में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, आठ लोगों की मौत; कई घायल

LAC पर भारत-चीन के बीच क्या बातचीत चल रही है? विदेश मंत्रालय के बयान का पूरा मतलब समझिए