पूजा का समय – 11:57PM से 5 सितंबर 12:43 AM
मध्यरात्रि का क्षण – 5 सितंबर को 12:20 AM
चन्द्रोदय समय – 11:29 PM
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर मथुरा पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया और मन्नत मांगी। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में विभिन्न देवालयों में पहुंचकर स्वयं पूजा-अर्चना की।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का मुख्य आयोजन आज रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर होगा। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का महाभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही विशेष पूजा-अर्चना और आरती संपन्न होगी। धार्मिक मान्यता है कि इसी पावन बेला में भगवान श्रीकृष्ण ने मथुरा की धरती पर अवतार लिया था। जन्म के इस दिव्य क्षण को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है और भक्त बेसब्री से आधी रात होने का इंतजार कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा पहुंचकर गौ पूजन किया। गौ पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान से प्रदेश की सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना करते हुए मन्नत मांगी।
भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य से पूर्व जन्मस्थान के भागवत भवन में होने वाली यह विशेष आरती श्रद्धालुओं के लिए वर्षभर की आरतियों में सबसे खास मानी जाती है। इस दिव्य आरती के दर्शन के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु मथुरा पहुंचते हैं।
श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस पावन आरती के दर्शन और भगवान के स्मरण से मनुष्य को जन्म-जन्मांतर के बंधनों से मुक्ति प्राप्त होती है।
भागवत भवन में होने वाली विशेष मंगला आरती के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठता है।