अखिलेश यादव सौजन्य-IANS
लखनऊ

UP Politics: अखिलेश यादव बोले- सपा की सरकार बनी तो खुलेंगे 26 हजार बंद स्कूल, PDA को मिलेगी हिस्सेदारी

Akhilesh Yadav Statement: अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि सपा सरकार बनने पर भाजपा सरकार में बंद हुए 26 हजार स्कूल फिर खोले जाएंगे। उन्होंने PDA को आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी देने की बात कही।

प्रिया जैस

UP Samajwadi Party: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बंद किए गए 26 हजार स्कूलों को सपा की सरकार बनने पर फिर से खोला जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में मुख्य रूप से पीडीए समाज के बच्चे पढ़ते हैं, इसलिए सपा सरकार बनने पर पीडीए समाज को उसकी आबादी के अनुपात में अधिकार और हिस्सेदारी दी जाएगी।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और सरकारी स्कूलों को बचाना उनकी प्राथमिकता होगी। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में बड़ी संख्या में स्कूल बंद कर दिए गए हैं, जिससे गरीब, पिछड़े, दलित और वंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हुई है।

एक लाख नौकरियां देने के दावे पर सवाल

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक लाख नौकरियां देने के दावे पर भी सवाल उठाया। अखिलेश ने कहा कि सरकार के पास अब कितना समय बचा है, यह सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर लोक निर्माण विभाग का ऑडिट कराया जाएगा और यह पता लगाया जाएगा कि विकास कार्यों के नाम पर कितना पैसा खर्च हुआ और कितना भ्रष्टाचार किया गया।

उन्होंने प्रदेश की खराब सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जगह-जगह सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं। सिंचाई विभाग में भी अनियमितताओं और घोटाले के आरोप लगाते हुए उन्होंने इसकी जांच की बात कही।

भाजपा पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि मंदिर के बाहर भीख मांगने वाला व्यक्ति भी मंदिर में चोरी नहीं करता, लेकिन भाजपा सरकार पर मंदिर में आने वाले दान के धन में भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को जनता अब स्वीकार करने वाली नहीं है। जनता बदलाव का इंतजार कर रही है।

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बोला हमला

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सपा अध्यक्ष ने सरकार को घेरते हुए कहा कि दूसरे राज्यों के अपराधी उत्तर प्रदेश में आकर वारदात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे प्रदेशों के माफिया यहां आकर खुलेआम गोलियां चला रहे हैं और कई मामलों में 18-18 राउंड फायरिंग तक हो रही है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अपराधियों और सत्ता के बीच कहीं न कहीं मिलीभगत दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार दावा करते रहे कि माफिया और बदमाश उत्तर प्रदेश छोड़कर चले गए हैं, लेकिन स्थिति इसके उलट दिखाई दे रही है।

अब दूसरे राज्यों के गैंग और अपराधी उत्तर प्रदेश में आकर वारदात कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि अपराधियों के हौसले इसलिए बढ़े हुए हैं क्योंकि उन्हें सत्ता का संरक्षण मिलने का भरोसा है।

उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर

सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। ईमानदार अधिकारी दबाव में काम कर रहे हैं और कई अधिकारी सेवा से अलग होने की इच्छा जता चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों पर भाजपा नेताओं की ओर से लगातार दबाव बनाया जाता है। ईमानदार अधिकारियों से जमीन कब्जाने और चंदा जुटाने जैसे काम कराने का दबाव बनाया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरदोई में अर्कवंशी समाज का कार्यक्रम सपा ने आयोजित किया था, लेकिन उनके कुछ पुराने साथी अब उनके साथ नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सपा सभी समाजों को सम्मान और भागीदारी देने के लिए प्रतिबद्ध है। सत्ता में आने पर संबंधित समाज के लोगों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। - एजेंसी इनपुट के साथ

ताशकंद में PM मोदी का भव्य स्वागत, मिर्जियोयेव से हुई अहम बातचीत, द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग पर हुई बड़ी बात

20 मिनट की देरी ने बचाई जान, भारत लौटे केरल और नागपुरवासी, तमिलनाडु के 219 लोग सुरक्षित, सैकड़ों अभी भी लापता

NEET-PG Exam 2026: जयपुर में परीक्षा के दौरान सर्वर ठप, छात्रों का फूटा गुस्सा, सेंटर पर काटा बवाल- VIDEO

अब सड़क नहीं पटरी से जुड़ेगा भूटान, भारत के 4000 करोड़ के प्रोजेक्ट पर टिकी सबकी नजर

PM Modi Mann Ki Baat: पीएम मोदी ने कहा PM SVANidhi स्कीम के तहत 35 लाख महिलाओं को मिला लाभ