Highlights:
लखनऊ से पहुंची टीम ने गोपी गली स्थित प्रतिष्ठान में खंगाले दस्तावेज
रात 10:30 बजे अचानक बढ़ी गहमा-गहमी
दो साल से निगरानी की चर्चा
जांच से व्यापार में पारदर्शिता बढ़ती है
Gorakhpur Bullion Market News: गोरखपुर शहर के हिन्दी बाजार स्थित सराफा मंडी में बुधवार रात राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) की टीम ने एक सराफा कारोबारी के प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। लखनऊ से पहुंची टीम ने प्रतिष्ठान में रखे सोने-चांदी के स्टॉक और पुराने कारोबारी लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। कार्रवाई देर रात तक जारी रही। हालांकि, छापेमारी के कारणों और जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर विभाग की ओर से कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
सराफा मंडी की गोपी गली स्थित संबंधित प्रतिष्ठान पर लंबे समय से सोना-चांदी गलाने का काम होता है। बुधवार रात करीब 10:30 बजे अचानक गली में गहमा-गहमी बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शी विवेक सिंह के मुताबिक, मौके पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी और सादे कपड़ों में कुछ अधिकारी दिखाई दिए। कुछ ही देर में एक ज्वेलरी प्रतिष्ठान पर DRI की कार्रवाई की जानकारी बाजार में फैल गई।
टीम ने प्रतिष्ठान में उपलब्ध सोने-चांदी के स्टॉक का निरीक्षण किया। इसके साथ ही पुराने कारोबारी लेनदेन से संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई। कार्रवाई किस विशेष सूचना के आधार पर की गई और जांच के दौरान अधिकारियों को क्या मिला, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सराफा मंडी में चर्चा है कि संबंधित प्रतिष्ठान की गतिविधियां पिछले करीब दो वर्षों से DRI की निगरानी में थीं। हालांकि, इस दावे की विभागीय स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। कार्रवाई के वास्तविक कारणों और जांच के निष्कर्षों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
सराफा व्यापारी गौरव वर्मा ने कहा कि कारोबार से जुड़े मामलों की जांच से व्यापार में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलती है। इससे व्यापारियों को नियमों के अनुरूप काम करने के प्रति जागरूकता मिलती है। उन्होंने कहा कि कारोबारी गतिविधियों में पारदर्शिता रहने से ग्राहकों का भरोसा भी मजबूत होता है। नियमों का पालन व्यापारियों और ग्राहकों, दोनों के हित में है।