Aligarh Viral Video: पुलिस भले ही पीड़ितों की सहायता और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दावे करती हो, लेकिन जमीनी स्तर पर सामने आ रहे कुछ मामले इन दावों पर सवाल खड़े कर रहे हैं। अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र के जट्टारी कस्बे में छेड़छाड़ के एक मामले में पुलिस की कार्रवाई से नाराज युवक-युवती पानी की टंकी पर चढ़ गए। दोनों ने टंकी के ऊपर से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया।
बताया जा रहा है कि जट्टारी कस्बे में छेड़छाड़ को लेकर विवाद हुआ था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामले में महज तहरीर लेकर 151 के तहत कार्रवाई की। पीड़ित पक्ष इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं था। उनका कहना था कि छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप में आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए थी।
पुलिस की कार्रवाई से क्षुब्ध युवक-युवती पानी की टंकी पर जा चढ़े। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों टंकी के ऊपर से लगातार आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि जब तक आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे नीचे नहीं उतरेंगे।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक-युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोग भी उन्हें नीचे उतरने के लिए मनाते रहे। काफी देर तक मौके पर समझाने-बुझाने का दौर चलता रहा।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें युवक-युवती पानी की टंकी के ऊपर दिखाई दे रहे हैं और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।