सीएम योगी आदित्यनाथ व अखिलेश यादव (डिजाइन फोटो) 
उत्तर प्रदेश

डबल इंजन की सरकार नहीं चुन पा रही एक अधिकारी, यूपी को मिला एक और कार्यवाहक डीजीपी तो भड़क उठे अखिलेश यादव

आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्णा को उत्तर प्रदेश का नया कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया गया। इस फैसले के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

आकाश मसने

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पुलिस महकमे में शनिवार को बड़ा बदलाव हुआ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) प्रशांत कुमार 31 मई को सेवानिवृत्त हो गये। इनके स्थान पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी राजीव कृष्णा को उत्तर प्रदेश का नया कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किया गया है। इसके बाद समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने यूपी की योगी सरकार और केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बाेला है।

वर्ष 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्णा को प्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया गया है। राजीव कृष्णा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड अध्यक्ष और डीजी विजिलेंस की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब सरकार ने उन्हें प्रदेश की पुलिस व्यवस्था की कमान सौंपी है।

यूपी की कार्यवाहक डीजीपी की परंपरा कायम

उत्तर प्रदेश में कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक की चली आ रही परंपरा अब भी कायम है। राजीव कृष्णा से पहले 4 कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश पुलिस के मुखिया का काम संभाल चुके हैं। यूपी के डीजीपी बनने की रेस में आलोक मिश्रा, दलजीत चौधरी और तिलोत्मा तिलोत्तमा वर्मा का नाम शामिल था।

अखिलेश यादव ने कसा तंज

यूपी के नए डीजीपी राजीव कृष्णा को लेकर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि "यूपी को मिला एक और कार्यवाहक डीजीपी!आज जाते-जाते वो ज़रूर सोच रहे होंगे कि उन्हें क्या मिला, जो हर गलत को सही साबित करते रहे। यदि व्यक्ति की जगह संविधान और विधान के प्रति निष्ठावान रहते तो कम-से-कम अपनी निगाह में तो सम्मान पाते।"

उन्होंने आगे लिखा कि " अब देखना ये है कि वो जो जंजाल पूरे प्रदेश में बुनकर गये हैं, नये वाले उससे मुक्त होकर निष्पक्ष रूप से न्याय कर पाते हैं या फिर उसी जाल के मायाजाल में फंसकर ये भी सियासत का शिकार होकर रह जाते हैं। दिल्ली-लखनऊ की लड़ाई का ख़ामियाज़ यूपी की जनता और बदहाल क़ानून-व्यवस्था क्यों झेले? जब डबल इंजन मिलकर एक अधिकारी नहीं चुन सकते तो भला देश-प्रदेश क्या चलाएंगे।"

प्रशांत कुमार के एक्सटेंशन की थी चर्चा

1991 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्णा का नाम शनिवार देर शाम फाइनल हुआ। इससे एक दिन पहले तक चर्चा थी कि डीजीपी प्रशांत कुमार को एक्सटेंशन मिल सकता है। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। राजीव कृष्णा भी कार्यवाहक डीजीपी हैं।

रांची में बड़ा हादसा, भरभराकर गिरी जर्जर पानी टंकी, मलबे में दबे कई मजदूर; एक की मौत

INDIA गठबंधन की तरह विजय ने बनाया सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस, TVK समेत 4 पार्टियां हुईं शामिल

Muzaffarnagar Road Accident: रोडवेज बस ने बाइकों को मारी जोरदार टक्कर, 3 साल की बच्ची समेत 5 की मौत

Explainer: बंगाल में क्यों गरमाई फिश पॉलिटिक्स? जानिए बंगाली अस्मिता, मछली का कनेक्शन और पूरे विवाद की वजह

Red Fort Blast: मदर ऑफ शैतान से हुआ धमाका, कार को ही बना दिया था बम...NIA चार्जशीट में क्या-क्या सामने आया?