Aligarh School Student Beating Case: जिस शिक्षक के हाथों में बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी होती है, उन्हीं हाथों पर एक मासूम छात्र की बेरहमी से पिटाई के गंभीर आरोप लगे हैं। अलीगढ़ के गभाना कोतवाली क्षेत्र स्थित लक्ष्मी राज इंटर कॉलेज में एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। बच्चे के शरीर पर दिखाई दे रहे चोट के निशान कथित पिटाई की गंभीरता को बयां कर रहे हैं।
पीड़ित छात्र ने कॉलेज के प्रधानाचार्य पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। बच्चे का दावा है कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसके बाद उसके शरीर पर चोट के निशान पड़ गए। इतना ही नहीं, छात्र ने प्रधानाचार्य पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए मारपीट करने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
घटना सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर स्कूल की चारदीवारी के भीतर बच्चों की सुरक्षा कितनी सुनिश्चित है? जिस शिक्षक और प्रधानाचार्य पर बच्चों को अनुशासन, संस्कार और शिक्षा देने की जिम्मेदारी है, अगर उन्हीं पर मासूम की बेरहमी से पिटाई के आरोप लगें तो गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते पर सवाल उठना लाजिमी है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित बच्चे के परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया है।
डीएसपी महेश कुमार के मुताबिक, 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि गभाना क्षेत्र स्थित एक इंटर कॉलेज में एक बच्चे के साथ बुरी तरह मारपीट की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। पीड़ित के पिता की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस के अनुसार बच्चे का मेडिकल कराया जाएगा और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरा मामला पुलिस जांच के दायरे में है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि बच्चे के साथ किस स्तर की मारपीट हुई और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। लेकिन बच्चे के शरीर पर दिखाई दे रहे चोट के निशान कई गंभीर सवाल जरूर खड़े कर रहे हैं।