ससपा का चुनावी शंखनाद (सोर्स: सोशल मीडिया)
आगरा

आगरा से ससपा का सियासी आगाज, यूपी की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी पार्टी, एम. नागेश्वर राव ने बताई रणनीति

Agra SBSP News: एम. नागेश्वर राव ने कहा कि दशकों से भारतीय राजनीति पर चार प्रमुख दलों का वर्चस्व रहा है, लेकिन देश को विकल्प नहीं दे सके। ससपा इस स्थिति को बदलने के उद्देश्य से मैदान में उतरी है।

प्रदीप कुमार रावत, नमिता प्रजापति

Highlights:

  • ससपा ने खुद को बताया भाजपा और कांग्रेस से अलग

  • आरक्षण की जगह जरूरत आधारित युक्त-आरक्षण का प्रस्ताव

  • प्रति एकड़ न्यूनतम सुनिश्चित आय देने का प्रस्ताव

  • फैमिली इनकम टैक्स लागू करने की बात कही

SBSP Political Campaign: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नए विकल्प के रूप में सर्वजन सनातन पार्टी (ससपा) ने आगरा से अपनी राजनीतिक गतिविधियों का औपचारिक आगाज कर दिया है। संजय प्लेस स्थित पीएल पैलेस होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीबीआई निदेशक एम. नागेश्वर राव ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ससपा न भाजपा की बी-टीम है और न ही कांग्रेस या किसी अन्य दल की। पार्टी का उद्देश्य शासन की दिशा बदलना और सभ्यतागत पुनर्जागरण, समान न्याय तथा सबकी समृद्धि के माध्यम से भारत का पुनर्निर्माण करना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी की विचारधारा, गठन की पृष्ठभूमि और भविष्य की कार्ययोजना साझा करते हुए कहा कि देश को ऐसे राजनीतिक विकल्प की जरूरत है, जो भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और राष्ट्र के समग्र विकास को प्राथमिकता दे। ससपा सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय की भावना के साथ समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए काम करेगी।

चार प्रमुख दलों की राजनीति पर साधा निशाना

एम. नागेश्वर राव ने कांग्रेस, भाजपा, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की राजनीतिक विचारधारा पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने छद्म धर्मनिरपेक्षता के जरिए विश्वासघात किया, भाजपा ने हिंदुत्व के अपने दावों को धोखा दिया, जबकि सपा और बसपा ने जाति तथा पहचान आधारित राजनीति को और गहरा किया है।

उन्होंने कहा कि दशकों से भारतीय राजनीति पर चार प्रमुख दलों का वर्चस्व रहा है, लेकिन इनमें से किसी ने भी देश को वास्तविक विकल्प नहीं दिया। ससपा इस राजनीतिक स्थिति को बदलने के उद्देश्य से मैदान में उतरी है।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून के राज के बजाय बुलडोजर का राज चल रहा है। बुलडोजर को कानून-व्यवस्था का पर्याय बना दिया गया है, जबकि बुलडोजर न्याय नहीं हो सकता।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों द्वारा लोगों से ‘कटेंगे तो बटेंगे’ जैसे नारे दिए जाते हैं, लेकिन वही दल अपनी राजनीति में समाज को बांटने का काम करते हैं।

कामधेनु के चार आधारों पर भारत पुनर्निर्माण योजना

पार्टी ने अपनी भारत पुनर्निर्माण योजना को कामधेनु के चार पैरों के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया। इसके तहत चार प्रमुख आधार निर्धारित किए गए हैं

- सभी के लिए सर्वोत्तम गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क शिक्षा।

- सभी के लिए सर्वोत्तम गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा।

- प्रत्येक व्यक्ति के लिए आजीविका की व्यवस्था।

- भारत को उसकी सभ्यतागत पहचान से पुनः जोड़ना।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इन चार आधारों के जरिए देश में समग्र विकास, सामाजिक समरसता और आर्थिक समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करने की योजना है।

जाति आधारित आरक्षण की समीक्षा, जरूरतमंदों को प्राथमिकता

ससपा ने अपनी प्रमुख प्रतिबद्धताओं में जाति आधारित आरक्षण की व्यापक समीक्षा के बाद उसे समाप्त कर आवश्यकता आधारित ‘युक्त-आरक्षण’ लागू करने की बात कही है। पार्टी ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, यूजीसी विनियमों और ऐसे कानूनों को निरस्त करने की भी बात रखी, जिन्हें पार्टी सामाजिक विभाजन को बढ़ावा देने वाला मानती है।

इसके साथ ही गोमाता को राज्य माता और राष्ट्रमाता घोषित करने, परिवार को समाज की आधारभूत संस्था के रूप में मान्यता देने तथा परिवार आयकर (फैमिली इनकम टैक्स) लागू करने की प्रतिबद्धता जताई गई।

किसानों के लिए पार्टी ने प्रति एकड़ न्यूनतम सुनिश्चित आय की व्यवस्था का प्रस्ताव रखा। इसके तहत वास्तविक खेती करने वाले किसान की आय निर्धारित मानक से कम रहने पर सरकार द्वारा अंतर की भरपाई किए जाने की बात कही गई।

ससपा का चुनावी शंखनाद

टीटीजेड प्रतिबंधों पर आगरा के उद्योग और रोजगार का मुद्दा उठाया

आगरा के औद्योगिक विकास और रोजगार को लेकर एम. नागेश्वर राव ने ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) के प्रतिबंधों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन प्रतिबंधों के कारण नए उद्योगों की स्थापना और मौजूदा उद्योगों का विस्तार प्रभावित हुआ है। इसका सीधा असर युवाओं के रोजगार और आर्थिक अवसरों पर पड़ रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ताजमहल की सुरक्षा के नाम पर आगरा के भविष्य की बलि दी जा सकती है और पर्यावरणीय प्रतिबंधों के कारण युवाओं को रोजगार से वंचित रखा जाएगा?

उन्होंने कहा कि ससपा गैर-प्रदूषणकारी उद्योगों तथा प्रभावी प्रदूषण नियंत्रण प्रणालियों से युक्त उद्योगों की स्थापना की अनुमति के लिए कड़े पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों के अधीन सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी।

अरुण पचौरी बने आगरा जिलाध्यक्ष

पार्टी ने संगठन विस्तार की दिशा में एडवोकेट अरुण पचौरी को सर्वजन सनातन पार्टी का आगरा जिला अध्यक्ष घोषित किया। उनके नेतृत्व में जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने और नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष रितु राठौर और वीरेंद्र दुबे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

रविवार को खेरागढ़ में संगठन विस्तार सभा

ससपा ने संगठन को मजबूत करने के लिए रविवार, 1 नवंबर को खेरागढ़ में सभा आयोजित करने की घोषणा की। राजमहल गार्डन, नगरा उदईया रोड पर सुबह 11 बजे से होने वाले कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र का विमोचन भी किया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि सभा में संगठन विस्तार, नए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

Delhi Rally Live: रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली, राहुल गांधी-दिपके समेत कई नेता होंगे शामिल

Apple को भारत में पहला स्टोर खोलने में 25 साल क्यों लगे? जानिए FDI नियम से iPhone मैन्युफैक्चरिंग तक की कहानी

UP: PDA के दुश्मन नंबर-1 हैं अखिलेश यादव, स्वामी प्रसाद मौर्य बोले- जब आजम खान के नहीं हुए तो मेरे क्या होंगे?

1 November Rules Changes: आज से आपकी जेब पर असर, CNG-दूध महंगा; बैंक, पेंशन और FASTag समेत 10 बड़े बदलाव लागू

IMD Alert: बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा, 5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?