90 दिन के ब्लॉक के बावजूद एक महीने में नहीं उतर पाया ROB का पुराना स्ट्रक्चर
वैकल्पिक मार्ग की बदहाली से लाखों लोग परेशान
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर रातोंरात दुरुस्त हो रही सड़क
Public Inconvenience Due to Poor Roads: भारतीय रेलवे लगातार अपने इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने में जुटा है। यात्रियों को नई ट्रेनों की सौगात देने के साथ रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प, नई रेल लाइनें बिछाने और ओवरब्रिजों के निर्माण पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में आगरा के खेरिया मोड़ और ईदगाह को जोड़ने वाले पुराने रेलवे ओवरब्रिज (ROB) की जर्जर हालत का मुद्दा नवभारत ने प्रमुखता से उठाया था। पुल की बदहाल स्थिति किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। नवभारत की इस खबर के बाद रेलवे महकमे में आगरा से लेकर प्रयागराज तक हलचल मच गई और आखिरकार पुल के पुनर्निर्माण की दिशा में कदम उठाया गया।
हालांकि, रेलवे के इस कदम ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। खेरिया मोड़-ईदगाह ROB के निर्माण कार्य के लिए 90 दिन का ब्लॉक लिया गया। करीब एक महीना बीतने के बाद भी पुराने पुल का स्ट्रक्चर पूरी तरह नहीं उतर पाया है। ऐसे में लोगों को अभी लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
ROB बंद होने के बाद खेरिया मोड़ से अर्जुन नगर, बाराखंभा, नगला छऊआ और गेट नंबर 77 होते हुए ईदगाह पहुंचने वाला मार्ग लाखों लोगों के लिए लाइफलाइन बन गया है। लेकिन विडंबना यह है कि जिस सड़क पर अचानक यातायात का दबाव बढ़ गया, उसकी हालत पहले से ही बेहद खराब थी। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, उखड़ी सड़क और कच्चे हिस्सों के कारण आए दिन ई-रिक्शा और ऑटो पलटने जैसी घटनाएं हो रही हैं। दोपहिया वाहन चालक भी चोटिल हो रहे हैं।
सड़क से दिनभर उड़ने वाली धूल ने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि क्षेत्र में वायु प्रदूषण का स्तर भी चिंताजनक स्थिति तक पहुंच रहा है। सड़क की बदहाली और बढ़ते यातायात दबाव के बीच स्थानीय लोगों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बीते दिनों उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ.शिवम शर्मा ने आगरा दौरे के दौरान इस परियोजना को लेकर कहा था कि किसी भी बड़े निर्माण कार्य को पूरा होने में समय लगता है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि निर्माण के दौरान लोगों को परेशानियां उठानी पड़ेंगी, लेकिन इसके परिणाम दूरगामी होंगे। सवाल यह है कि जब रेलवे को 90 दिन तक यातायात प्रभावित रहने की जानकारी थी तो वैकल्पिक मार्ग को पहले से दुरुस्त कराने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
अब इस पूरे मामले में एक दिलचस्प मोड़ आया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को आगरा पहुंच रहे हैं। पूर्व विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन के बाद मुख्यमंत्री उनके परिजनों से मुलाकात और शोक संवेदना व्यक्त करने आएंगे। मुख्यमंत्री का काफिला इसी बदहाल वैकल्पिक मार्ग से होकर गुजरना है। इसके बाद अचानक प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है और सड़क को दुरुस्त करने का काम तेज कर दिया गया है।
जिस मार्ग पर अब तक लाखों लोगों की परेशानी के बावजूद जिम्मेदार विभागों की नजर नहीं पड़ रही थी, वहां मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सुधार कार्य शुरू हो गया है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सड़क सिर्फ वीआईपी मूवमेंट के लिए सुधरेगी? मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने के बाद क्या अर्जुन नगर, बाराखंभा, नगला छऊआ और आसपास की कॉलोनियों के लोगों को भी इसी तरह राहत मिलेगी? क्या सड़क का स्थायी जीर्णोद्धार कराया जाएगा या फिर वीआईपी दौरे के बाद एक बार फिर लोग गड्ढों, धूल और दुर्घटनाओं के बीच सफर करने को मजबूर होंगे?
नवभारत की खबर के बाद रेलवे ने ROB के पुनर्निर्माण की दिशा में कदम उठाया, लेकिन अब प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने असली चुनौती वैकल्पिक मार्ग को स्थायी रूप से बेहतर बनाने की है। विकास कार्यों का लाभ तभी सार्थक होगा, जब उसकी कीमत आम जनता को रोजाना की परेशानी के रूप में न चुकानी पड़े।