Highlight:
Virgin Group ने Head of Yes नाम से कमाई का मौका निकाला है।
इसमें 1 लाख डॉलर कि रकम दी जाने वाली है।
Virgin Group ने इस में वीडियों बनाने और उस सोशल मीडिया पर डालने को कहा है।
Virgin Group Head of Yes: अगर आपको घूमना, नई जगहें एक्सप्लोर करना और इंस्टाग्राम रील बनाना पसंद है तो यह मौका आपका ध्यान खींच सकता है। बता दें कि अरबपति कारोबारी Richard Branson के Virgin Group ने Head of Yes नाम से एक खास पेड कंटेंट क्रिएटर अवसर पेश किया है। वहीं इसमें चुने गए व्यक्ति को छह महीने तक रोमांचक अनुभवों का हिस्सा बनना होगा और उन्हें वीडियो व सोशल मीडिया कंटेंट के जरिए लोगों के साथ साझा करना होगा। इसके लिए अमेरिका में 1 लाख डॉलर और ब्रिटेन में 75,000 पाउंड की फीस तय की गई है। लेकिन इस अवसर के लिए भारत में रहने वाले लोग आवेदन नहीं कर सकते।
इस अवसर का संबंध Virgin Red प्रोग्राम से है। चुने गए कंटेंट क्रिएटर को Virgin से जुड़ी ट्रैवल, होटल, क्रूज और दूसरी रोमांचक गतिविधियों का अनुभव करना होगा। इसके बाद अपने अनुभवों को वीडियो, फोटो और सोशल मीडिया स्टोरीज के जरिए दिखाना होगा।
साथ ही यह छह महीने का पेड कंटेंट क्रिएटर कॉन्ट्रैक्ट है जिसकी शुरुआत जनवरी 2027 से होने की योजना है। इसे नियमित नौकरी समझने की गलती न करें। Virgin ने इसको लेकर बताया है कि यह रोजगार का पारंपरिक रिश्ता नहीं बल्कि कंटेंट क्रिएशन के लिए एक पेड एंगेजमेंट है।
इस अवसर के लिए अमेरिका में चुने गए उम्मीदवार को 1 लाख डॉलर यानी लगभग 95 लाख रुपये और ब्रिटेन के उम्मीदवार को 75,000 पाउंड यानी करीब 91 लाख रुपये की फीस मिलेगी। यह छह महीने के कॉन्ट्रैक्ट की कुल रकम है सालाना सैलरी नहीं है। वहीं यात्रा से जुड़े खर्चों को कवर करने की भी जानकारी दी गई है।
इसके साथ ही खास बात यह है कि आवेदन करने के लिए लाखों सोशल मीडिया फॉलोअर्स या महंगा कैमरा होना जरूरी नहीं है। कंपनी ऐसे व्यक्ति की तलाश में है जो अपनी कहानी दिलचस्प तरीके से सुना सके और नए अनुभवों को लेकर उत्साहित हो।
आवेदन के लिए अपनी जिंदगी का ऐसा सच्चा किस्सा बताते हुए एक छोटा वीडियो बनाना होगा जिसमें आपने किसी नए या चुनौतीपूर्ण मौके को अपनाया हो। इसे Instagram, YouTube या TikTok पर पोस्ट करना होगा। पोस्ट में @Virgin को टैग करना और #HeadOfYes हैशटैग लगाना जरूरी है। वहीं प्रोफाइल सार्वजनिक होनी चाहिए ताकि कंपनी वीडियो देख सके।
साथ ही आवेदन की आखिरी तारीख 20 अक्टूबर 2026 रात 11:59 बजे अमेरिकी पूर्वी समय है। वहीं उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए और वह अमेरिका या ब्रिटेन का निवासी होना चाहिए। इसमें चयनित व्यक्ति की घोषणा 30 नवंबर 2026 को होनी है। इसलिए भारतीय क्रिएटर्स इस मौके की जानकारी जरूर ले सकते हैं लेकिन मौजूदा नियमों के तहत आवेदन के पात्र नहीं हैं।