मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोरोना के मामलों में लगातार गिरावट आ रही हैं। ऐसा ही हाल राजधानी मुंबई (Mumbai) का है। शनिवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक शहर में बीते 24 घंटे में 201 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि महामारी से एक की मौत हुई है। वहीं 345 लोग इस खतरनाक वायरस से उबरे हैं।
इससे पहले मुंबई में बीते शुक्रवार को भी कोरोना से एक की मौत दर्ज की गई थी और 202 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दिन शहर में 365 लोग कोरोना से ठीक हुए थे।
https://twitter.com/mybmc/status/1495029243452923904
BMC के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार मुंबई में कोरोना महामारी के 201 नए मरीज मिलने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,055,394 और मरने वालों की संख्या 16,687 हो गई है। वहीं, 345 लोग कोरोना मुक्त होने से ठीक होने वालों की संख्या 1,034,207 हुई है। शहर में आज रिकवरी रेट 98 प्रतिशत दर्ज किया गया है। फिलहाल शहर में 1,632 एक्टिव मरीज है।
आंकड़ों के मुताबिक मुंबई में शनिवार को मिले नए मरीजों में 174 मरीज ऐसे हैं जिनमें कोई लक्षण नहीं (एसिम्टोमैटिक) हैं। 26 को अस्पताल में भर्ती किया गया और 04 को ऑक्सीजन की जरुरत पड़ी है। वर्तमान में 822 मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिसमें से 413 मरीज ऑक्सीजन पर है।