मुंबई: मायानगरी मुंबई (Mumbai) में साइबर क्राइम (Cyber Crime) की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं और अब इसकी जद में रुपहले परदे के सितारे भी आने लगे हैं। बॉलीवुड (Bollywood) अभिनेता आफताब शिवदासानी (Aftab Shivdasani) भी साइबर क्राइम का शिकार हुए हैं। कुछ अज्ञात जालसाजों ने अभिनेता आफताब शिवदासानी से 1.50 लाख रुपये (1.5 lakh Rupees) की ऑनलाइन ठगी की है। शिवदासानी ने बांद्रा पुलिस स्टेशन (Bandra Police Station) में दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी मामला दर्ज कराया है। प्राथमिकी दर्ज (FIR) कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
8 अक्टूबर को आया फर्जी कॉल
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, अभिनेता वृंदावन बिल्डिंग माउंट मैरी रोड, बांद्रा पश्चिम में रहते हैं। 8 अक्टूबर के दिन अभिनेता को उनके एक्सिस बैंक खाते (Bank Account) के निलंबन के बारे में एक संदेश उनके मोबाइल नंबर पर मिला था। पैन कार्ड विवरण गायब होने के कारण, संदेश के साथ एक लिंक जुड़ा हुआ था, जिस पर अभिनेता ने अधिक जानने के लिए क्लिक किया।
डेढ़ लाख रुपये खाते में से हुए गायब
लिंक पर क्लिक करने के तुरंत बाद, उन्हें एक अज्ञात नंबर से बैंक का अधिकारी होने का दावा करते हुए एक व्यक्ति ने कॉल किया। उस व्यक्ति ने आफताब को अपने खाते से संबंधित संवेदनशील जानकारी दर्ज करने के लिए निर्देशित किया। जिसके बाद उनके बैंक खाते से 1,49,999 रुपये डेबिट हो गए।
पुलिस में की शिकायत
कुछ गड़बड़ होने का अहसास होने पर आफताब ने बैंक मैनेजर से संपर्क किया, मैनेजर ने उन्हें डेबिट हुए पैसे के संबंध में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। जिसके बाद आफताब ने बांद्रा पुलिस से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराई है।