नई दिल्ली: पाकिस्तान (Pakistan) की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2022 (T20 World Cup 2022) से पहले न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के साथ ट्राई सीरीज खेल रही है। इस सीरीज के दौरान पाकिस्तान टीम के साथ लगातार 'पर्ची प्लेयर' विवाद जुड़ता ही जा रहा है। पिछले सप्ताह लाहौर में पाकिस्तान के मैच के दौरान स्टेडियम में दर्शकों ने 'पर्ची-पर्ची' के नारे लगाए थे। अब इस मामले में पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज तनवीर अहमद (Tanvir Ahmed) ने अपनी राय व्यक्त की है। उन्होंने इस खुलेआम इस बात का विरोध भी किया है।
दरअसल, मंगलवार को पाकिस्तान अपना तीसरा मैच खेला। इस मैच में न्यूजीलैंड (Pakistan vs New Zealand) ने पाकिस्तान को 9 विकेट से हराया। इस मैच के बाद तनवीर अहमद ने एक वीडियो शेयर किया। वहीं, उन्होंने इस वीडियो के जरिए जमकर अपनी भड़ास निकाली। मालूम हो कि, सिफारिश से टीम में आने वाले खिलाड़ी को पाकिस्तान में पर्ची प्लेयर कहा जाता है।
तनवीर (Tanvir Ahmed) ने कहा, 'लोग कहते हैं कि ये पाकिस्तान टीम के पीछे पड़ा रहता है, तो मैं पड़ा रहूंगा। मैं कभी भी इन लोगों को सपोर्ट नहीं करूंगा। ये 15-20 मैचों में एक शतक भी बना देंगे, तब भी कभी इन्हें सपोर्ट नहीं करूंगा। क्योंकि इन्होंने कभी भी मेहनत नहीं की है। ये पर्ची और डंडों से आए हैं। जब मेहनत करने वाला प्लेयर आएगा पाकिस्तान टीम में, तो मैं कभी भी उसके लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं करूंगा।'
तनवीर ने आगे कहा, 'मैं खुद मेहनत करके आया हूं। मुझे पता है जब लड़का मेहनत करके पाकिस्तान टीम में आता है, तो उसके अंदर क्या फीलिंग होती है। जब प्लेयर अपने को धूप और गर्मी में जलाकर आता है, फिर उसको पता होता है। ये तो बगैर जले हुए हैं। इनको तो दो मैच खेलकर पाकिस्तान टीम में वापस ले आते हैं।' बता दें कि तनवीर ने 5 टेस्ट में 17 विकेट और दो वनडे मुकाबलों में 2 विकेट लिए हैं। उन्होंने एक टी20 मैच में एक विकेट लिया है।