नई दिल्ली: भारतीय टीम के ओपनर बल्लेबाज़ मुरली विजय (Murali Vijay) ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों को संन्यास ले लिया है। उन्होंने ट्वीट कर इस बारें में बताया। मुरली विजय ने भारतीय टीम के लिए 2018 में आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था। जिसके बाद वे टीम में जगह बनाने में नाकाम हो रहे थे। वहीं, आज उन्होंने क्रिकेट को अलविदा कह दिया। भारतीय ओपनर बल्लेबाज भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेल चुके हैं। विजय ने 2008 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था।
मुरली विजय ने ट्वीट करते हुए लिखा, “आज मैं आभार और नम्रता के साथ क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा करता हूं। 2002 से 2018 तक का मेरा सफर मेरे जीवन के सबसे अद्भुत साल रहे हैं, क्योंकि यह खेल के उच्चतम स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का सम्मान था। ”
उन्होंने आगे लिखा, “बीसीसीआई, तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन, चेन्नई सुपर किंग्स और चेम्प्लास्ट सन्मार मुझे मौका देने के लिए मैं आपका आभारी हूं। मेरे सभी साथी, कोच मेंटर और सपोर्ट स्टाफ, आप सभी के साथ खेलना मेरा सौभाग्य था और मैं आप सभी का शुक्रगुज़ार हूं। ”
मुरली विजय ने आगे लिखा, “मैं यह अनाउंस करते हुए उत्साहित हूं कि मैं क्रिकेट की दुनिया और इसके व्यावसायिक पक्ष में नए अवसरों की तलाश करूंगा, जहां मैं उस खेल में भाग लेना जारी रखूंगा जिसे मैं प्यार करता हूं और नए और अलग वातावरण में खुद को चुनौती दूंगा। मेरा मानना है कि यह एक क्रिकेटर के रूप में मेरी यात्रा का अगला कदम है और मैं अपने जीवन में इस नए अध्याय के लिए उत्सुक हूं। ”
उल्लेखनीय है कि, भारतीय ओपनर रहे मुरली विजय ने टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट में मैच खेला है। उन्होंने टीम इंडिया के लिए कुल 61 टेस्ट मैचों खेले है। जहां 105 पारियों में 38.28 की औसत से 3982 रन बनाए हैं। इसमें 12 शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं। जबकि, विजय ने 17 वनडे मैचों की 16 पारियों में 21.18 की औसत से 339 रन बनाए । इसमें एक अर्धशतक शामिल है। विजय ने भारतीय टीम की और से 9 टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेले है, जिनमें 18.77 की औसत और 109.74 के स्ट्राइक रेट से कुल 169 रन बनाए हैं।